दरभंगाबिहार

दरभंगा BSSC परीक्षा में डीएम का बड़ा एक्शन!

दरभंगा में BSSC परीक्षा को लेकर डीएम राजीव रौशन ने केंद्राधीक्षकों को ब्रीफ किया, परीक्षा निष्पक्ष और शांतिपूर्ण कराने के दिए सख्त निर्देश।

BSSC परीक्षा को लेकर डीएम ने केंद्राधीक्षकों को किया ब्रीफ, सख्त निर्देश जारी

दरभंगा, 08 मई 2025: दरभंगा जिले में बिहार कर्मचारी चयन आयोग (BSSC) द्वारा आयोजित कार्यालय परिचारी की प्रारंभिक परीक्षा को लेकर प्रशासन ने कमर कस ली है। समाहरणालय स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में जिलाधिकारी श्री राजीव रौशन ने सभी केंद्राधीक्षकों को विस्तृत ब्रीफिंग दी। उन्होंने परीक्षा को शांतिपूर्ण, पारदर्शी और नकलमुक्त कराने के निर्देश दिए।

यह परीक्षा 11 मई 2025 (रविवार) को दरभंगा नगर क्षेत्र के 20 परीक्षा केंद्रों पर दोपहर 12:00 से 2:00 बजे तक आयोजित होगी। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि परीक्षार्थियों को प्रवेश सुबह 9:00 बजे से 11:00 बजे तक ही मिलेगा। इसके बाद किसी को भी प्रवेश नहीं दिया जाएगा।

कई अहम निर्देश दिए गए:

  • परीक्षा केंद्रों पर जैमर की व्यवस्था होगी, जिसे एक दिन पहले ही सक्रिय कर लिया जाएगा।

  • सभी वीक्षक व कर्मी सुबह 8:00 बजे तक केंद्र पर पहुंच जाएंगे।

  • प्रत्येक 24 परीक्षार्थियों पर कम से कम दो वीक्षक तैनात किए जाएंगे।

  • फ्रिस्किंग की तीन स्तरों पर व्यवस्था होगी: मुख्य द्वार, कक्ष के द्वार और परीक्षा कक्ष के अंदर।

  • बायोमेट्रिक/आईरिस डिवाइस से उपस्थिति दर्ज होगी।

  • परीक्षार्थी पेन नहीं लाएंगे, उन्हें आयोग द्वारा पेन उपलब्ध कराया जाएगा।

  • किसी भी परिस्थिति में मोबाइल फोन या इलेक्ट्रॉनिक उपकरण परीक्षा केंद्र में प्रतिबंधित रहेंगे।

विशेष तौर पर दिव्यांग परीक्षार्थियों के लिए भूतल पर बैठने की व्यवस्था और 40 मिनट की अतिरिक्त समय की सुविधा देने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही, परीक्षा केंद्रों पर जल, प्रकाश, पंखा, सीसीटीवी, जनरेटर और सैनिटाइजेशन की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने को कहा गया है।

डीएम रौशन ने सभी केंद्राधीक्षकों से अपील की कि वे आयोग की गाइडलाइन का पूरी गंभीरता से पालन करें और परीक्षा को निष्पक्ष और व्यवस्थित ढंग से सम्पन्न कराएं। इस अवसर पर एडीएम नीरज कुमार दास, डीईओ कृष्णानंद सदा, कोषाधिकारी शंभू कुमार आर्य समेत कई अधिकारी उपस्थित रहे।

“परीक्षा की निष्पक्षता ही प्रशासन की प्राथमिकता है, किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।” – डीएम राजीव रौशन

Sitesh Choudhary

चढ़ते हुए सूरज की परस्तिश नहीं करता, लेकिन, गिरती हुई दीवारों का हमदर्द हूँ।
Back to top button
error: Content is protected !!