
झारखंड / गोड्डा :
जिले के पथरगामा में भारतीय सेना के शौर्य और बलिदान को सम्मान देने के उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं द्वारा एक भव्य तिरंगा शौर्य सम्मान यात्रा निकाली गई। इस राष्ट्रभक्ति से ओत-प्रोत यात्रा का नेतृत्व प्रखंड भाजपा अध्यक्ष रामस्वरूप पंडित उर्फ गोलू पंडित ने किया। यात्रा की शुरुआत प्रखंड अध्यक्ष के आवास से हुई, जो पथरगामा मुख्य चौक, पेट्रोल पंप, और अन्य प्रमुख स्थलों से होते हुए बाबा भीमराव अंबेडकर के समाधि स्थल पर पहुंच कर सम्पन्न हुई। श्रद्धा और सम्मान के साथ कार्यकर्ताओं ने वहां माल्यार्पण कर बाबा साहेब को नमन किया।
तिरंगा यात्रा के दौरान देशभक्ति का जज्बा चरम पर दिखा। “भारतीय सेना जिंदाबाद”, “पाकिस्तान मुर्दाबाद”, जैसे नारों से वातावरण गूंज उठा। बड़ी संख्या में पथरगाम वासी इस यात्रा में शामिल हुए, जिससे यह आयोजन जनआंदोलन का रूप लेता दिखा। इस अवसर पर प्रखंड अध्यक्ष रामस्वरूप पंडित ने कहा, “ऑपरेशन सिंदूर में हमारे वीर जवानों ने जो साहस दिखाया है, वह प्रत्येक भारतीय के लिए गर्व की बात है। इस यात्रा के माध्यम से हम उन शहीदों की गाथा को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प लेते हैं।”
भाजपा ओबीसी मोर्चा के जिला अध्यक्ष सुबोध साह ने कहा कि, “यह तिरंगा यात्रा भारत की सैन्य शक्ति, एकता और आत्मबल को दर्शाने वाला आयोजन है। यह हर भारतीय के दिल में देश के प्रति गर्व और सम्मान की भावना को और मजबूत करता है।” पथरगामा की धरती भारतीय सेना और देश के शहीदों को कभी नहीं भूल सकती l कार्यक्रम के दौरान भाजपा के कई वरिष्ठ नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे, जिनमें प्रमुख रूप से भाजपा महामंत्री मुनीलाल भगत, संजय झा, गोपाल भगत, उदय चौबे, नरसिंह भगत, मिथुन यादव आदि शामिल थे।