
साइबर ठगों ने बैंक कर्मचारी बन युवक से की ठगी, थाने में मामला दर्ज
- ऋण के नाम पर युवक के खाते से उड़ाए 93,600 रुपये
झारखंड /

गोड्डा : नगर थाना क्षेत्र के बढ़ौना निवासी सूरज राउत को साइबर ठगों ने इंडूसलैंड बैंक के कर्मचारी बनकर कॉल किया और ऋण के नाम पर 93,600 रुपये की ठगी कर ली। वहीं ठगों ने सूरज को बताया कि उनका लोन पास हुआ है। सूरज ने 2 लाख 90,000 रुपये का लोन मंजूर होने की बात बताई। उन्होंने वेरिफिकेशन के नाम पर सूरज से उनकी व्यक्तिगत जानकारी पीड़ित के मां का नाम जन्मतिथि और आधार कार्ड की जानकारी ली। साथ ही उनकी मुर्गी फार्म की दुकान का जिक्र कर विश्वास जीता।
ठगों ने सूरज को बताया कि उनका खाता होल्ड हो गया है। इसे सक्रिय करने के लिए 40-50 हजार रुपये और जमा करने को कहा। कुछ देर बाद जब सूरज ने अपना अकाउंट चेक किया तो 93,600 रुपये गायब थे। सूरज 22 मई को इंडूसलैंड बैंक पहुंचे, जहां बैंक कर्मियों ने बताया कि उनकी तरफ से कोई कॉल नहीं किया गया। सूरज ने 16 मई को ही 2.90 लाख का लोन लिया था, जिसमें से 93,716 रुपये मिले थे। 21 मई को रात 8 बजे उन्होंने नगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी।
वहीं इस मामले में गोड्डा पुलिस अधीक्षक अनिमेष नेथानी से हुई वार्ता में उन्होंने बताया की ठगी होने की जानकारी मिली है। जिला प्रशासन की ओर से कार्यवाही की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।




