A2Z सभी खबर सभी जिले कीTechnologyअन्य खबरेउत्तर प्रदेशगोंडा

पूर्व मंत्री आनंद सिंह ‘अन्नू भैया’ का निधन,जिले में शोक की लहर

पूर्व मंत्री आनंद सिंह ‘अन्नू भैया’ का निधन,जिले में शोक की लहर

 

गोण्डा। उत्तर प्रदेश की राजनीति में एक मजबूत और लोकप्रिय जनप्रतिनिधि के रूप में अपनी पहचान बना चुके पूर्व मंत्री आनंद सिंह उर्फ अन्नू भैया (महराज) का रविवार देर रात लखनऊ स्थित आवास पर निधन हो गया। उनके निधन से पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। उन्होंने लंबे समय तक राजनीति और समाज सेवा में सक्रिय योगदान किया। आनंद सिंह (मनकापुर कोट) जो आम जनमानस में ‘अन्नू भैया’ या ‘महराज’ के नाम से प्रसिद्ध थे, का जन्म गोंडा जिले के प्रतिष्ठित और जागरूक राजनीतिक परिवार में हुआ था। वे प्रारंभ से ही समाज सेवा और जनहित के कार्यों में रुचि रखते थे। उनके अंदर नेतृत्व की क्षमता युवावस्था में ही झलकने लगी थी।

कुंवर आनंद सिंह उर्फ अन्नू भैया का राजनीतिक सफर

अन्नू भैया ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में प्रवेश कर तत्कालीन दौर में समाजवाद और जनसेवा को प्राथमिकता दी। कांग्रेस के टिकट पर गोण्डा से वह कई बार सांसद चुने गए, अन्नू भैया गांधी परिवार के अति करीबी माने जाते थे। बाद में वह गौरा विधानसभा सीट से समाजवादी पार्टी के टिकट पर विधायक बने और मुलायम सिंह सरकार में सरकार में कैबिनेट मंत्री रहे। राजनीति के कुशल रणनीतिकार रहे अन्नू भैया अपने क्षेत्र की जनता के बीच बेहद लोकप्रिय रहे अन्नू भैया ने मनकापुर विधानसभा क्षेत्र का विकास कराने में अहम भूमिका निभाई। मनकापुर आईटीआई उनके कार्यकाल की देन है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़कों और किसानों के लिए कई योजनाएं शुरू हुईं। वे न केवल एक राजनीतिज्ञ, बल्कि एक सज्जन, सहज और सामाजिक नेता के रूप में पहचाने जाते थे। रविवार देर रात लखनऊ स्थित उनके आवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली। जैसे ही यह समाचार फैला, गोंडा समेत आस-पास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। सोशल मीडिया पर शोक संदेशों की बाढ़ आ गई है। क्षेत्रीय जनप्रतिनिधियों, राजनेताओं और सामाजिक संगठनों ने उनके निधन पर गहरा दु:ख जताया है। उनके अंतिम दर्शन के लिए पार्थिव शरीर को सोमवार सुबह 11 बजे मनकापुर स्थित पैतृक आवास मनकापुर कोर्ट लाया गया। यहां लगभग 4 घंटे आमजन के दर्शनार्थ रखा गया। दोपहर 3 बजे एक किलोमीटर लंबी शव यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों लोगों ने शामिल होकर अपने लोकप्रिय नेता को अंतिम विदाई दी। अंत्येष्टि स्थल पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दी गई। करीब 3:30 बजे अंतिम संस्कार की प्रक्रिया शुरू हुई, जहां बेटे और केंद्रीय विदेश राज्य मंत्री कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने अपने पिता को शाम 4 बजे मुखाग्नि दी। इस भावुक क्षण में उनकी आंखों से आंसू छलक पड़े। उन्होंने नम आंखों से पिता को अंतिम विदाई दी।

अंतिम विदाई में कई दिग्गज नेता हुए शामिल

अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री दारा सिंह चौहान, अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद, गोंडा-बलरामपुर से विधान परिषद सदस्य अवधेश कुमार उर्फ मंजू सिंह, बलरामपुर सदर विधायक पलटू राम, मनकापुर विधायक रमापति शास्त्री, गौरा विधायक प्रभात वर्मा, तरबगंज विधायक प्रेम नारायण पांडेय, कर्नलगंज विधायक अजय कुमार सिंह, मेहनौन विधायक विनय कुमार द्विवेदी, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा सहित जिले के सभी प्रमुख जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। जनमानस उन्हें एक विनम्र, कर्मठ और समर्पित जननेता के रूप में सदैव याद रखेगा।

✍️रिपोर्ट: सौरभ मौर्य 

संपादक – वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़

उत्तर प्रदेश महामंत्री भारतीय पत्रकार अधिकार परिषद

📞संपर्क: 9671439057

Back to top button
error: Content is protected !!