
वरीय पुलिस अधीक्षक, गया के निर्देशानुसार आज दिनांक 11.07.2025 को पुलिस केंद्र, गया के मीटिंग हॉल में गया जिले के विभिन्न थानों से नामित बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों के लिए प्रयास संस्था के सहयोग से एक दिवसीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन विशेष किशोर पुलिस इकाई के पुलिस उपाधीक्षक श्री निर्मल पासवान, बाल कल्याण समिति की अध्यक्षा सुश्री सुजाता माथुर, प्रयास संस्था के समन्वयक श्री जितेंद्र कुमार सिंह, श्रम प्रवर्तन पदाधिकारी सुश्री काव्या कुमारी, जिला विधिक सेवा प्राधिकार के श्री विकास कुमार तथा प्रमुख प्रशिक्षक अधिवक्ता श्री के. डी. मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य बाल अधिकारों की रक्षा हेतु बाल कल्याण पुलिस पदाधिकारियों एवं संबंधित विभागों की भूमिका को अधिक सशक्त और प्रभावी बनाना था। इस अवसर पर प्रशिक्षकों द्वारा किशोर न्याय अधिनियम, 2015, पोक्सो अधिनियम, 2012, बाल श्रम एवं बाल विवाह निषेध से संबंधित कानूनी प्रावधानों पर विस्तृत चर्चा की गई। साथ ही, सपोर्ट पर्सन की नियुक्ति, विभागीय समन्वय तथा बाल कल्याण पुलिस की व्यावहारिक भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट डिवीज़न हेड गया
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़

