

मसलिया प्रखंड अंतर्गत संकुल संसाधन केंद्र पिंडारी में रविवार को प्रधानमंत्री पोषण योजना के तहत रसोइयों को एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण संकुल संसाधन सेवी किशोर कुमार दे ने दिया। प्रशिक्षण का मुख्य उद्देश्य रसोइयों को स्वच्छता, गुणवत्तापूर्ण भोजन निर्माण, पोषण तत्वों की जानकारी, मीनू तालिका का पालन, पोषण वाटिका की आवश्यकता और इको क्लब की गतिविधियों से अवगत कराना था। प्रशिक्षण में बताया गया कि बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराना और साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखना अत्यंत आवश्यक है, ताकि उनके स्वास्थ्य पर सकारात्मक प्रभाव पड़े।प्रशिक्षण के दौरान पोषक क्षेत्र की रसोइयों ने अपनी समस्याओं को भी साझा किया। रसोइयों ने मानदेय में बढ़ोतरी और समय पर नियमित भुगतान की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि बढ़ती महंगाई के दौर में वर्तमान मानदेय अपर्याप्त है और समय पर भुगतान नहीं होने से उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ता है। इस मौके पर रसोइया हलीमा बीबी, सोनमती मुर्मू, पूर्णी देवी, शांति मुर्मू समेत कई अन्य रसोइयां उपस्थित रहीं। कार्यक्रम की समाप्ति प्रतिभागियों के विचार साझा करने और प्रशिक्षण के फीडबैक के साथ हुई। उपस्थित रसोइयों ने इस तरह के प्रशिक्षण को लाभकारी बताते हुए नियमित अंतराल पर आयोजन की मांग की।









