
पिपरवार जीएम को पिपरवार मंडल सांसद प्रतिनिधि ने सौंपा ज्ञापन।।
चौक-चौराहा मे शौचालय निर्माण व हाई मास्क लाईट लगाने की मांग
संवाददाता/राशीद अंसारी खलारी
खलारी। हजारीबाग लोकसभा सांसद के पिपरवार मंडल सांसद प्रतिनिधि लक्ष्मण कुमार मंडल ने मंगलवार को सीसीएल पिपरवार क्षेत्र के महाप्रबंधक संजीव कुमार को मांग पत्र सौंपकर बचरा इलाके के चौक चौराहा में शौचालय का निर्माण करने एवं 15 किलोमीटर के अंतर्गत आने वाले ग्रामीण इलाकों के मुख्य जगहो पर हाई मास्क लाइट लगाने की मांग की है।ज्ञापन के माध्यम से उन्होंने बताया कि बचरा के चौक चौराहा में शौचालय नहीं रहने के कारण लोगों को काफी परेशानी होती है।विशेष रूप से महिलाओं को इससे काफी परेशानी हो रही है।उन्होंने ज्ञापन के माध्यम से बचरा बैंक ऑफ़ इंडिया के सामने,बचरा चार नंबर चौक, बचरा पंजाब नेशनल बैंक के सामने,बचरा बाजारटांड़,बचरा पीपल चौक और बचरा एक नम्बर चौक मे शौचालय का निर्माण करने की मांग की है।इसके साथ ही उन्होंने बताया कि कोयलांचल क्षेत्र के कई ग्रामीण इलाकों में शाम होने के साथ ही अंधेरा छा जाता है, जिसके लिए उन्होंने पिपरवार क्षेत्र के 15 किलोमीटर के अंतर्गत पढ़ने वाले ग्रामीण इलाकों के मुख्य चौक चौराहा में हाई मास्क लाइट लगाने की मांग की है।सांसद प्रतिनिधि ने उक्त दोनों समस्या को देखते हुए महाप्रबंधक से अविलंब शौचालय का निर्माण एवं हाई मास्क लाइट लगाने की मांग की है।













