

उपायुक्त, दुमका के निदेशानुसार दिनांक 06.08.2025 को प्रखण्ड संसाधन केन्द्र रानीश्वर में विद्यालयों में पढ़ने वाले 03 से 18 साल उम्र के दिव्यांग बच्चों के लिए सहायक उपकरण वितरण सह जाँच शिविर का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में प्रखण्ड विकास पदाधिकारी राजेश कुमार सिन्हा के द्वारा बताया गया कि उक्त शिविर में पूर्व से चिन्हित 63 दिव्यांग बच्चों को उपकरण वितरण किया जायेगा। इसके लिए बच्चों को पासपोर्ट साईज का दो फोटो, दिव्यांगता प्रमाण पत्र की छायाप्रति, आधार कार्ड, अभिभावक के आधार कार्ड की छायाप्रति, आय प्रमाण पत्र आदि कागजात लाना अनिवार्य है। ऐसे दिव्यांग बच्चे जिनके पास दिव्यांगता प्रमाण पत्र नहीं है, उनकी चिकित्सीय जाँच कराया जायेगा ताकि दिव्यांगता प्रमाण पत्र उपलब्ध कराया जा सके। इसके अतिरिक्त उपायुक्त दुमका द्वारा यह भी निदेश दिया गया है कि प्रखण्ड अन्तर्गत 03 से 18 साल उम्र के सभी दिव्यांग बच्चे का निबंधन भारत सरकार के स्वावलंबन पोर्टल में सभी प्रज्ञा केन्द्रों के माध्यम से कराया जाना है। इसके लिए सभी पंचायत सचिवो के माध्यम से प्रखण्ड के सभी प्रज्ञा केन्द्रों को निदेश दिया जा रहा है।














