
गणेश स्पोर्टिंग क्लब राय ने एनके एरिया के डकरा स्टेडियम में खेलकूद प्रतियोगिता किया आयोजन।।
संवाददाता/राशीद अंसारी खलारी
खलारी। गणेश स्पोर्टिंग क्लब राय ने रविवार को सीसीएल एनके एरिया के डकरा स्टेडियम में एक खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया। इस आयोजन का मुख्य आकर्षण 1600 मीटर की दौड़ थी, जिसमें 25 महिला खिलाड़ियों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए सम्मानित किया गया। क्लब के संस्थापक और सचिव, गणेश कुमार महतो, ने बताया कि क्लब 120 खिलाड़ियों को निःशुल्क प्रशिक्षण दे रहा है, जो झारखंड गृह रक्षा वाहिनी (होमगार्ड) में भर्ती के लिए तैयारी कर रहे हैं। इन खिलाड़ियों को होमगार्ड बहाली में सफल होने के लिए कड़ी ट्रेनिंग दी जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि यह प्रशिक्षण बुंडू, कांके, बुढ़मू और खलारी प्रखंडों के खिलाड़ियों को आंबेडकर मैदान, राय में सुबह और शाम दोनों समय दिया जाता है। प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा खलारी मंडल महिला मोर्चा की महामंत्री ममता केसरी उपस्थित थीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में सरिता सिंह, दीपशिखा देवी, सुनीता देवी, अनीता सिंह और जयंती देवी शामिल थीं। 1600 मीटर दौड़ में, सुमन कुमारी ने पहला, रजनी कुमारी ने दूसरा और चंदा कुमारी ने तीसरा स्थान हासिल किया। इनके अलावा, टॉप 4 से 25वें स्थान पर आने वाली खिलाड़ियों, जिनमें मंजू कुमारी, उषा कुमारी, देवंती कुमारी, किरण कुमारी, हिना कुमारी, और अन्य शामिल थीं, को भी पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। इस प्रतियोगिता को सफल बनाने में कोच और एथलेटिक्स तकनीकी पदाधिकारियों, जैसे एएफआई प्री लेवल 1 कोच किरण कुमारी, रानी कुमारी, संगीता कुमारी और नीलम कुमारी का महत्वपूर्ण योगदान रहा।