
पथरगामा में पीडीएस दुकानदारों को स्मार्ट पीडीएस पर मिला प्रशिक्षण
गोड्डा।
जिले के पथरगामा प्रखंड कार्यालय सभागार में जन वितरण प्रणाली दुकानदारों के लिए एक दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रभारी प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी अजय कुमार जायसवाल ने की।

प्रशिक्षण सत्र में प्रखंड क्षेत्र के सभी पीडीएस दुकानदारों को स्मार्ट पीडीएस प्रणाली के तहत नई तकनीक से अवगत कराया गया। प्रशिक्षक ने दुकानदारों को मशीन में लॉगिन करने की प्रक्रिया, नए एप्लिकेशन के माध्यम से राशन वितरण की विधि, तथा स्टॉक की ऑनलाइन जांच करने की विस्तृत जानकारी दी। प्रशिक्षण के दौरान दुकानदारों ने भी अपने सवालों और समस्याओं को रखा, जिनका समाधान प्रशिक्षक द्वारा किया गया। अधिकारियों ने आशा जताई कि स्मार्ट पीडीएस से पारदर्शिता बढ़ेगी और लाभुकों को बेहतर सेवा मिल सकेगी। इस अवसर पर संजय कुमार भगत, उमेश भगत, भोला प्रसाद भगत, अंजनी झा, शंकर महतो, अनिल रजाक, मो. चिंतामणि, श्याम लाल गुप्ता समेत बड़ी संख्या में पीडीएस दुकानदार मौजूद थे। प्रशिक्षण का संचालन प्रशिक्षक विनय कुमार द्वारा किया गया।





