
अंबेडकरनगर। किसानों को मिलने वाली खाद में गड़बड़ी का बड़ा मामला सामने आया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर नायब तहसीलदार बसखारी और सहायक विकास अधिकारी ने बसखारी विकास खंड स्थित सहकारी संघ का औचक निरीक्षण किया।
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ। सहकारी संघ को मिली 350 बोरी यूरिया का स्टॉक रजिस्टर में कोई उल्लेख ही नहीं था। वितरण रजिस्टर में 82 बोरी किसानों को दिए जाने की पुष्टि हुई, लिहाज़ा मौके पर 268 बोरी यूरिया मौजूद होनी चाहिए थी। लेकिन गिनती में केवल 244 बोरी मिलीं। यानी 24 बोरी यूरिया का कोई हिसाब नहीं निकला।
जांच रिपोर्ट जिलाधिकारी को सौंपी गई, जिसके बाद सहकारी संघ की सचिव नीलम गुप्ता के खिलाफ थाना बसखारी में एफआईआर दर्ज कराई गई है। उन पर आवश्यक वस्तु अधिनियम 1955 की धारा 3/7 के तहत मुकदमा दर्ज हुआ है।
प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि किसानों को समय पर और उचित दाम पर खाद उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। ऐसे में गबन या कालाबाजारी करने वालों पर किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।



















