A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशरायबरेली

समाजवादी पार्टी ने लालगंज तहसील मुख्यालय पर किया जोरदार प्रदर्शन

 

अनुपम मिश्रा जिला संवाददाता वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रायबरेली मो 9170804072

लालगंज (रायबरेली)। समाजवादी पार्टी ने विधानसभा क्षेत्र सरेनी एवं हरचंदपुर के किसानों तथा आमजन की समस्याओं को लेकर लालगंज तहसील मुख्यालय पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने महामहिम राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन उप जिलाधिकारी लालगंज के माध्यम से सौंपा।

ज्ञापन में प्रमुख समस्याओं को रेखांकित करते हुए बताया गया कि तहसील क्षेत्र के किसानों को साधन सहकारी समितियों में यूरिया व डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो रही है, उल्टे किसानों को पुलिस द्वारा खदेड़ा जा रहा है जिससे उनकी जीविका संकट में है। क्षेत्र की ड्रेनों की वर्षों से सफाई न होने के कारण हज़ारों एकड़ धान की फसल जलमग्न होकर नष्ट हो रही है।

लालगंज तहसील के विभिन्न मार्गों पर भारी डंपरों के संचालन से लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। वहीं, लालगंज कस्बे में टेम्पो-टैक्सी की गलत पार्किंग के चलते आए दिन जाम की स्थिति बनी रहती है जिससे व्यापारियों, छात्रों और आम राहगीरों को भारी परेशानी झेलनी पड़ती है।

स्मार्ट मीटरों में गलत रीडिंग डालकर घरेलू उपभोक्ताओं से आर्थिक शोषण किया जा रहा है। इसके अलावा ग्रामीण व जिला मार्ग क्षतिग्रस्त होने से दुर्घटनाओं में लोगों की जानें जा रही हैं। आवारा पशुओं से किसानों की फसलें चौपट हो रही हैं और राहगीरों की सुरक्षा भी खतरे में है।

सरकारी अस्पतालों में दवाओं का अभाव और चिकित्साकर्मियों की अनुपस्थिति को लेकर भी कार्यकर्ताओं ने नाराज़गी जताई। पार्टी ने ज्ञापन के माध्यम से पंद्रह दिनों के भीतर समस्याओं के समाधान की माँग की।

धरना-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष वीरेंद्र यादव, विधानसभा अध्यक्ष जे. पी. यादव, विधायक प्रतिनिधि बाबा राजा, बच्चा सिंह बैस, जिला पंचायत सदस्य प्रत्याशी डलमऊ द्वितीय डॉ. रहमान, दीपांकर यादव सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने किया।

Back to top button
error: Content is protected !!