A2Z सभी खबर सभी जिले की

महुली रामलीला में धनुष यज्ञ, रावण-बाणासुर संवाद और लक्ष्मण-परशुराम संवाद का अद्भुत मंचन

महुली सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
महुली के ऐतिहासिक श्री राजा बरियार शाह खेल मैदान में चल रही श्रीरामलीला का पाँचवाँ दिन भव्य और भावनात्मक लीलाओं से सराबोर रहा। मंचन का आरंभ भगवान शिव और माता पार्वती की दिव्य झांकी से हुआ। इस झांकी ने पूरे मैदान का वातावरण भक्तिमय कर दिया और उपस्थित जनसमूह “हर-हर महादेव” व “जय माता दी” के जयघोष से गूंज उठा।

इसके उपरांत धनुष यज्ञ का अद्भुत मंचन प्रस्तुत हुआ। मिथिला नगरी के स्वयंवर में जब देश-विदेश से आए समस्त राजाओं ने शिवजी के महाधनुष को उठाने का प्रयास किया और असफल रहे, तब भगवान श्रीराम ने गुरु विश्वामित्र की आज्ञा से सहज भाव से उस धनुष को उठाकर भंग कर दिया। जैसे ही धनुष टूटा, पंडाल “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से गूंज उठा। यह दृश्य देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

इसके बाद मंच पर रावण और बाणासुर संवाद का जीवंत चित्रण किया गया। रावण की अपार शक्ति और बाणासुर के गर्व से भरे संवादों ने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। दोनों के मध्य संवाद और गर्जना ने वातावरण को वीररस से ओतप्रोत कर दिया।

सबसे अंत में लक्ष्मण-परशुराम संवाद की लीला का मंचन हुआ। जब परशुराम जी ने शिवधनुष भंग की घटना पर क्रोधित होकर मिथिला नगरी में प्रवेश किया और लक्ष्मण से उनका तीखा संवाद हुआ, तो पूरा वातावरण गम्भीर और तनावपूर्ण हो गया। लक्ष्मण की निर्भीक वाणी और परशुराम के क्रोध को देख दर्शकों में सन्नाटा छा गया। वहीं भगवान श्रीराम के धैर्य और शांत वचनों ने इस प्रसंग को दिव्य परिणति दी।

इन मार्मिक और रोचक लीलाओं ने न केवल दर्शकों को मोहित किया बल्कि धर्म, मर्यादा और भक्ति का गहरा संदेश भी दिया। कलाकारों की अदाकारी और संवाद अदायगी से दर्शकों ने तालियों की गड़गड़ाहट से उन्हें सराहा।

इस अवसर पर रामलीला समिति के अध्यक्ष अरविंद जायसवाल, उपाध्यक्ष वीरेंद्र कुमार कन्नौजिया, उपाध्यक्ष जितेंद्र जौहरी (सोनू सेठ), कोषाध्यक्ष अमित कुमार कन्नौजिया, सचिव राकेश कुमार कन्नौजिया सहित समिति के सभी पदाधिकारी मंच पर मौजूद रहे और आयोजन की भव्यता को बढ़ाया।

समिति के व्यास आचार्य दिलीप कुमार कन्नौजिया ने बताया कि कल 25 सितंबर को राम-सीता विवाह की भव्य लीला का मंचन किया जाएगा। इस आयोजन में सभी दर्शक बाराती बनकर अयोध्या से जनकपुर के लिए प्रस्थान करेंगे।

रामलीला के इस अनोखे आयोजन की चर्चा पूरे क्षेत्र में हो रही है और श्रद्धालु अगले दिन की लीला का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।

IMG 20250924 230234

[yop_poll id="10"]
Show More
Back to top button
error: Content is protected !!