
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्ट गाजीपुर संवादाता

गाज़ीपुर। जमानिया नगर के वार्ड नंबर 7 में शुक्रवार को तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने सफाई व्यवस्था का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने गलियों और मोहल्लों का भ्रमण कर नालियों, सड़कों तथा कचरा निस्तारण की वास्तविक स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर नालियां जाम मिलीं और सड़कों के किनारे कचरे के ढेर लगे पाए गए, जिससे स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस पर तहसीलदार ने मौके पर मौजूद नगर पालिका कर्मचारियों को तत्काल सफाई कार्य शुरू कराने और नियमित सफाई व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि लापरवाही या ढिलाई पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदार कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय नागरिकों ने भी तहसीलदार से वार्ड में नालियों की नियमित सफाई, टूटे हुए पटियों की मरम्मत और जल निकासी व्यवस्था सुधारने की मांग की। तहसीलदार ने नगर पालिका अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रमुख गलियों में सफाई कार्य शीघ्र पूरा कराकर जलभराव की समस्या से लोगों को राहत दिलाई जाए।

इस निरीक्षण के दौरान नगर पालिका कर निरीक्षक विजय शंकर राय, तहसील कर्मी, नगर पालिका कर्मचारी, स्थानीय सफाईकर्मी और कई नागरिक मौजूद रहे।
तहसीलदार रामनारायण वर्मा ने कहा कि—
> “नगर की स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को जिम्मेदारी के साथ कार्य करना होगा।”
रिपोर्ट: वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज, गाज़ीपुर


