
फिरोजाबाद में पुलिस मुठभेड़: 15 हजार का इनामी बदमाश विशाल गिरफ्तार, पैर में गोली लगने से घायल
फिरोजाबाद। थाना उत्तर क्षेत्र में गुरुवार देर रात पुलिस और 15 हजार रुपये के इनामी बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में गैंगस्टर एक्ट का वांछित बदमाश विशाल पुलिस की गोली लगने से घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है। आरोपी के पास से तमंचा, कारतूस और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देश पर, अपर पुलिस अधीक्षक नगर रविशंकर प्रसाद और क्षेत्राधिकारी नगर प्रवीन तिवारी के नेतृत्व में थाना उत्तर पुलिस टीम संदिग्धों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि नगला पान सहाय के जंगलों में एक वांछित बदमाश छिपा है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी बीच आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जो विशाल के पैर में लगी। घायलावस्था में उसे मौके से दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान विशाल पुत्र अनिल निवासी कौशल्यानगर, थाना उत्तर के रूप में हुई है। उस पर गैंगस्टर एक्ट सहित चोरी, लूट, आर्म्स एक्ट और मारपीट जैसे 17 आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी की बाइक, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक संजुल पांडेय, व.उ.नि. अनुज नागर, उ.नि. अनुज तिवारी, कांस्टेबल रवी कुमार, विजय कुमार, अशोक कुमार, कुलदीप कुमार और विजय सिंह शामिल रहे। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।













