
चरखारी/महोबा।
पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय मॉडल इंटर कॉलेज, चरखारी महोबा में यातायात माह एवं मिशन शक्ति अभियान के तहत एक जागरूकता कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में छात्राओं को सड़क सुरक्षा व महिला सुरक्षा से जुड़े महत्वपूर्ण नियमों की जानकारी दी गई।
कार्यशाला के दौरान अधिकारियों ने छात्राओं को यातायात नियमों, हेलमेट व सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, गति सीमा, तथा मोबाइल रहित ड्राइविंग के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। सड़क हादसों में बढ़ते मामलों को देखते हुए छात्राओं को जिम्मेदार नागरिक बनने का संदेश दिया गया।
मिशन शक्ति अभियान के तहत छात्राओं को 1090 वुमेन पावरलाइन, 181 महिला हेल्पलाइन, 112 आपातकालीन सेवा, तथा 1930 साइबर फ्रॉड हेल्पडेस्क के उपयोग और महत्व के बारे में भी अवगत कराया गया। साथ ही आत्मरक्षा के उपायों एवं साइबर सुरक्षा से बचाव की तकनीकों की जानकारी दी गई।
अधिकारियों ने कहा कि जागरूकता ही सुरक्षा की पहली सीढ़ी है। विद्यालय परिवार ने इस कार्यक्रम को छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी बताया।








