
कोरबा जिले में अपने दल से बिछड़कर एक हाथी कनकी क्षेत्र में पहुंच गया। ग्रामीणों ने इसे मुख्य मार्ग में देखा और वन विभाग को सूचना दी, जिसके बाद इलाके में सतर्कता बढ़ा दी गई। सोमवार सुबह कनकी के ग्राम कटबीतला में ग्रामीण मुन्ना राजवाड़े पर हाथी ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
जानकारी के अनुसार, मुन्ना राजवाड़े रोज की तरह अपनी फसल देखने खेत गया था। खेत के पास झाड़ियों में छिपे हाथी ने अचानक हमला कर दिया। परिजन और ग्रामीण उसे अस्पताल ले गए, जहां उसका इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार उसकी हालत फिलहाल स्थिर है। ग्रामीणों ने बताया कि कुछ दिनों से हाथियों का झुंड आसपास के जंगलों में दिख रहा है, जिससे लोगों में डर और फसल को नुकसान की चिंता बनी हुई है। वन विभाग ने क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी है।





