
धनबाद : नगर निगम ने शहर के सबसे अहम संसाधनों की बेहतर देखभाल और राजस्व बढ़ाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। अब बिरसा मुंडा पार्क के झूले, सुरक्षा और पूरे परिसर का रखरखाव निजी कंपनियों के हाथ में सौंपा जाएगा। साथ ही नगर निगम के आठ शादी घर भी पांच वर्षों के लिए निजी एजेंसियों को दिए जाएंगे।
15 दिसंबर को इन परिसंपत्तियों की खुली नीलामी होगी, जिसमें इच्छुक कंपनियां भाग ले सकेंगी। पार्क के झूले ड्रैगन ट्रेन, धूम, वरटैक्स और जंपिंग का संचालन भी आउटसोर्स कंपनी करेगी। विवाह भवनों के लिए तय की गई बंदोबस्ती राशि से निगम को भी अच्छी आमदनी होगी।
निगम के अधिकारी आश्वस्त हैं कि इस नई व्यवस्था से सफाई, मेंटेनेंस और सेवा में सुधार होगा, जिससे आम जनता को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी।
इस बड़े बदलाव से धनबाद के पर्यटक स्थल और आयोजन स्थल दोनों ही नए स्वरूप में चमकेंगे और शहर का विकास भी होगा।









