

निवाड़ी , कलेक्टर श्रीमती जमुना भिडे के निर्देशन में एसडीएम पृथ्वीपुर अशोक कुमार सेन ने आज सांदीपनि सीएम राइज विद्यालय पृथ्वीपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विद्यालय की शैक्षणिक एवं भौतिक व्यवस्थाओं का गहन अवलोकन किया।
एसडीएम श्री सेन ने कक्षाओं एवं विद्यालय परिसर में स्वच्छता की स्थिति तथा स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता की जांच की। उन्होंने कक्षाओं में जाकर छात्रों से विषय आधारित प्रश्न पूछे, जिनका छात्रों ने संतोषजनक उत्तर दिया। इससे छात्रों के शैक्षणिक स्तर की जानकारी प्राप्त हुई।
निरीक्षण के दौरान एसडीएम ने मध्याह्न भोजन की गुणवत्ता की जांच की तथा छात्रों के साथ बैठकर भोजन भी किया। उन्होंने भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता पर संतोष व्यक्त किया।
अंत में एसडीएम श्री सेन ने शिक्षकों को शैक्षणिक गुणवत्ता में निरंतर सुधार लाने, विद्यार्थियों की नियमित मॉनिटरिंग करने एवं विद्यालय की व्यवस्थाओं को और सुदृढ़ बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।









