भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की
महाराजगंज 25दिसंबर।भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष निर्वाचित होने के बाद केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से शिष्टाचार भेंट की। यह मुलाकात राजनीतिक दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है, जिसमें प्रदेश की वर्तमान राजनीति, संगठनात्मक स्थिति और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा हुई।
मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री को प्रदेश में संगठन की मजबूती, हालिया राजनीतिक गतिविधियों और जनसंपर्क अभियानों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भाजपा संगठन जमीनी स्तर तक सक्रिय है और सरकार कीजनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने में कार्यकर्ता पूरी निष्ठा से जुटे हुए हैं। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने संगठनात्मक एकजुटता और अनुशासन की सराहना करते हुए कहा कि भाजपा की ताकत उसका कार्यकर्ता है, जो हर परिस्थिति में पार्टी की नीतियों को जन-जन तक पहुंचाता है।
प्रदेश की राजनीतिक परिस्थितियों पर चर्चा के दौरान आगामी चुनावी चुनौतियों, विकास कार्यों की निरंतरता और सुशासन के मुद्दों पर भी मंथन हुआ। प्रधानमंत्री ने स्पष्ट किया कि केंद्र और राज्य सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है। उन्होंने प्रदेश नेतृत्व से अपेक्षा जताई कि संगठन और सरकार के बीच बेहतर समन्वय के साथ जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरना प्राथमिकता होनी चाहिए।
पंकज चौधरी ने प्रधानमंत्री को आश्वस्त किया कि प्रदेश में भाजपा संगठन पूरी मजबूती के साथ सरकार की नीतियों और कार्यक्रमों को आगे बढ़ाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को संगठन के लिए प्रेरणास्रोत बताया। मुलाकात के बाद राजनीतिक हलकों में इसे प्रदेश भाजपा के लिए दिशा तय करने वाली बैठक के रूप में देखा जा रहा है।