

पूरा हिंदुस्तान घूम लिया, सब कुछ देख लिया, अब जेल देखनी है…।
यह बात सिरफिरे आरोपी ने पुलिस से कही है। दरअसल आरोपी ने नजीबाबाद के बाजार में एक युवती को बंधक ही नहीं बनाया बल्कि गर्दन पर चाकू रखकर एक लाख की डिमांड कर डाली थी। पुलिस ने आरोपी का चालान कर कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है।
नजीबाबाद सीओ नितेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोपी अजीत बाराबंकी के सूरजपुर मोहम्मदपुर खाला का रहने वाला है जो अब नोएडा में स्थित एक बेकरी में काम करता था। ग्रेजुएशन करने बाद 2012 से नौकरी कर रहा है। उसका कोई आपराधिक इतिहास भी नहीं मिला है। सीओ ने बताया कि आरोपी का कहना था कि वह सबकुछ देख चुका है अब जेल देखनी है।
बता दें कि आरोपी अजीत बुधवार को नोएडा से मुरादाबाद और फिर ट्रेन पकड़कर नजीबाबाद पहुंचा था। उसने नजीबाबाद में 80 रुपये में एक चाकू खरीदा, इसके बाद स्टेशन रोड स्थित लगी कपड़ों की सेल में घुस गया। उसने आदर्श नगर की रहने वाली एक युवती को पीछे पकड़ लिया और गर्दन पर चाकू रखकर कपड़ों की दुकान के स्वामी से एक लाख रुपये और बाइक की डिमांड रखी।
युवती की चीख पुकार सुनकर आसपास के लोग एकत्रित हुए लेकिन किसी की हिम्मत युवती को कब्जे में किए चाकू लहराते युवक तक पहुंचने की नहीं हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज करते हुए चालान कर दिया है। कोर्ट ने आरोपी को जेल भेज दिया।

















