
सतना/नागौद। सिविल अस्पताल में भर्ती मरीजों को मिलने वाले पौष्टिक आहार की वितरण व्यवस्था तथा गुणवत्ता में परिवर्तन अब नजर आने लगा है। यह सब नगर के वरिष्ठ समाज सेवी और सांसद प्रतिनिधि अरुण कुमार सिंह भोजन व्यवस्था प्रभारी डॉ अजय चौधरी, बीएममो डॉ प्रमोद प्रजापति तथा भोजन सप्लायर के संयुक्त प्रयास से संभव हो सका है। स्मरणीय है कि पहले अस्पताल में भर्ती मरीजों को रसोई घर के सामने से काफी इंतजार करने पर भोजन मिलता था तथा वितरित होने वाले गुणवत्ता विहीन भोजन को पहचाना भी मुश्किल होता था। लेकिन अब परिवर्तित व्यवस्था के तहत जहां एक और वार्ड के दरवाजे पर भोजन मिलने लगा है वहीं दूसरी ओर उसकी गुणवत्ता में परिवर्तन भी दिखाई देने लगा है। इस संबंध में अरुण कुमार सिंह ने बताया कि हमारा प्रयास है कि मरीजों को शासन द्वारा निर्धारित दैनिक मेनू के अनुसार पौष्टिक आहार उनके वार्ड में बेड के पास ट्राली में जाकर थाली में प्राप्त हो। उन्होंने कहा कि फकीर टोली भोजन वितरण ट्रॉली उपलब्ध कराने का प्रयास कर रही हैं जिससे जल्द ही भोजन लेकर ट्रॉली वार्डो में जाने लगेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि मरीजों के वितरण किए जाने बाले पौष्टिक आहार की गुणवत्ता में किसी प्रकार के कोताही, कमीशनखोरी एवं लापरवाही वरदास्त नहीं की जावेगी।



