

यज्ञ नारायण भगवान की जय…
जय श्रीराम, जय वीर हनुमान…
बलौदाबाजार की पुण्यभूमि एक बार फिर भक्ति, आस्था और सनातन संस्कारों की अलौकिक अनुभूति से ओतप्रोत होने जा रही है। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम एवं महावीर हनुमान जी की अनुकंपा से दिनांक सोमवार 19 जनवरी 2026 से 11 दिवसीय भव्य श्री हनुमत महायज्ञ का शुभारंभ होने जा रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक अनुष्ठान है, बल्कि नगर और आसपास के अंचल के लिए आध्यात्मिक जागरण का महापर्व भी होगा।
महायज्ञ के प्रथम दिन दोपहर 1 बजे यज्ञ स्थल दशहरा मैदान, बलौदाबाजार से भव्य कलश यात्रा का शुभारंभ होगा। यह यात्रा नगर के प्रमुख धार्मिक एवं ऐतिहासिक मार्गों से होकर गुजरेगी—
पिपरहा तालाब, श्री हनुमान मंदिर बजरंग चौक, सदर रोड गांधी चौक, श्रीराम-जानकी मंदिर से सुभाषचंद्र बोस चौक मुख्य मार्ग होते हुए पुनः यज्ञ स्थल दशहरा मैदान पहुंचेगी।
कलश यात्रा में श्रीराम दरबार की रथ में सुसज्जित मनोहारी झांकी, हनुमान जी का सजीव एवं दिव्य स्वरूप, तथा छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध भजन गायक श्री दीपक केशरवानी ‘केशरी’ के मधुर भजनों से संपूर्ण वातावरण रामनाम में लीन हो उठेगा। इसके साथ ही ग्राम छेरकापुर की कीर्तन मंडली और सैकड़ों रामभक्तों की टोली नगर को भक्तिरस से सराबोर करेगी।
कलश यात्रा के समापन उपरांत यज्ञ स्थल पर एक और महत्वपूर्ण एवं शुभ आयोजन संपन्न होगा। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री श्री टंकराम वर्मा जी के करकमलों से यज्ञ स्थल में नवनिर्मित सभा भवन का लोकार्पण किया जाएगा। इसके पश्चात महाआरती एवं महाप्रसाद वितरण का आयोजन होगा, जिसमें श्रद्धालुजन पुण्य लाभ प्राप्त करेंगे।
यह महायज्ञ विश्व कल्याण, नगर की सुख-समृद्धि एवं धर्म रक्षा के संकल्प के साथ आयोजित किया जा रहा है। आयोजन समिति ने समस्त धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं, माताओं-बहनों, युवाओं एवं नगरवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में इस दिव्य आयोजन में सहभागी बनें और अपने जीवन को प्रभु श्रीराम एवं वीर हनुमान जी की कृपा से कृतार्थ करें।
राम नाम की गूंज, भक्ति का प्रवाह और श्रद्धा का संगम—
श्री हनुमत महायज्ञ बनेगा बलौदाबाजार के लिए अविस्मरणीय आध्यात्मिक पर्व।

