
Sonbhadra news:प्यार बना कत्ल की वजह: भरोसे की डोर टूटी, प्रेमी ने प्रेमिका को मौत के घाट उतार पेड़ से लटकाया, विण्ढमगंज पुलिस ने कसा शिकंजा
विण्ढमगंज सोनभद्र (राकेश कुमार कन्नौजिया)_
विण्ढमगंज थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत हरनाकछार स्थित चरक पथली टोला में प्रेम संबंधों की आड़ में अंजाम दिए गए एक रूह कंपा देने वाले हत्याकांड ने पूरे इलाके को सदमे में डाल दिया है। जिस रिश्ते को विश्वास और अपनापन कहा जाता है, वही रिश्ता एक महिला की निर्मम हत्या का कारण बन गया।
आरोप है कि एक युवक ने प्रेम जाल में फंसाकर अपनी प्रेमिका की बेरहमी से हत्या कर दी और अपराध छिपाने की नीयत से शव को आम के पेड़ से लटका दिया। यह दर्दनाक वारदात 15 जनवरी 2026 की रात करीब 11 बजे की बताई जा रही है।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्राम प्रधान प्रतिनिधि निरंजन सोनी ने बिना देर किए विण्ढमगंज थाने को सूचना दी। सूचना पाते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और ग्रामीणों की मौजूदगी में शव को पेड़ से उतरवाया गया। कुछ ही समय बाद मृतका के मायके पक्ष के लोग भी घटनास्थल पर पहुंच गए। इसके पश्चात पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी मर्चरी हाउस भेज दिया।
अगले दिन 16 जनवरी 2026 को जब मृतका ललिता देवी के पति अमरेश पनिका घर लौटे, तो उनके लगभग 9 वर्षीय पुत्र अमित कुमार ने मासूम जुबान से पूरी घटना का आंखों देखा हाल सुनाया। बेटे की बात सुनते ही अमरेश पनिका के पैरों तले जमीन खिसक गई और उन्होंने तत्काल विण्ढमगंज थाना पहुंचकर लिखित तहरीर दी, जिसमें बबलू उर्फ खरभूलन शर्मा पुत्र किशन शर्मा को हत्या का आरोपी बताया।
तहरीर मिलते ही उप निरीक्षक शेषनारायण पांडे पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और बच्चों द्वारा बताए गए तथ्यों के आधार पर घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण किया। इसके बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जाने लगी।
लगातार प्रयासों के बाद 18 जनवरी 2025 की शाम करीब 6 बजे विण्ढमगंज बस स्टैंड पर ननिहाल जाने की तैयारी कर रहे आरोपी को पुलिस ने घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करते हुए आरोपी को न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 105 (गैर इरादतन हत्या), 238 (सबूत मिटाने का प्रयास), 352 (मारपीट) तथा SC/ST अत्याचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ जारी है।
इस जघन्य घटना ने प्रेम संबंधों के नाम पर पनप रही हिंसक सोच को उजागर कर दिया है। क्षेत्र में भय, आक्रोश और गहरा दुख व्याप्त है। ग्रामीणों ने एकमत होकर आरोपी को कड़ी से कड़ी सजा देने की मांग की है।








