

जिला पदाधिकारी महोदय द्वारा जिले में संचालित फार्मर रजिस्ट्री कार्य की प्रगति की समीक्षा की गई। समीक्षा बैठक के दौरान उन्होंने कहा कि किसानों को विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराने के लिए फार्मर रजिस्ट्री का कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण है।
समीक्षा में बताया गया कि कैमूर जिला अंतर्गत अब तक कुल 34,078 किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सफलतापूर्वक पूर्ण की जा चुकी है। शेष किसानों के पंजीकरण हेतु 31 जनवरी से 6 फरवरी तक पुनः विशेष फार्मर रजिस्ट्री शिविरों का आयोजन जिले के सभी प्रखंडों एवं पंचायतों में किया जाएगा।
जिला पदाधिकारी महोदय ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री में कैमूर का स्टेट रैंक 7 है। इसके लिए फार्मर रजिस्ट्री कार्य में सक्रिय भूमिका निभा रहे अंचलाधिकारी (CO), राजस्व अधिकारी (RO), प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO) सहित अन्य संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों के कार्य की प्रशंसा की तथा उनके योगदान को सराहनीय बताया।
आगामी शिविरों के संबंध में जिला पदाधिकारी महोदय ने निर्देश दिया कि अधिकतम संख्या में किसानों की फार्मर रजिस्ट्री सुनिश्चित की जाए, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार एवं समन्वय के साथ कार्य किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस कार्य का अनुश्रवण अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) एवं उप समाहर्ता (DCLR) द्वारा नियमित रूप से किया जाएगा।
समीक्षा बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि फार्मर रजिस्ट्री कार्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदाधिकारियों एवं कर्मियों को सम्मानित किया जाएगा।
जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र किसान फार्मर रजिस्ट्री से वंचित न रहे तथा सभी किसानों को योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से उपलब्ध कराया जाए।
( कैमुर से अफसार आलम की रीपोर्ट)














