
*रेस्टोरेंट पर मिली एक्सपायरी डेट की कोल्ड्रिंक्स।
हरिद्वार। खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने जिले के कई स्थानों पर छापेमारी की। इस दौरान अवैध चल रही पनीर की फैक्ट्री को बंद कराया गया।

आगामी महाशिवरात्रि पर्व को ध्यान में रखते हुए खाद्य सामग्री में किसी तरह की मिलावट न हो इसके लिए खाद्य सुरक्षा आयुक्त सचिन कुर्वे एवं जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर जिले के विभिन्न प्रतिष्ठानों में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीमों ने निरीक्षण कर खाद्य सामग्री की जांच की।
उपायुक्त गढ़वाल आर एस रावत के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन व पवन कुमार की टीम ने इब्राहिमपुर स्थित पुंडीर फैक्ट्री में छापा मारा। जहां बिना फूड लाइसेंस के अवैध रूप से पनीर व दही बनाया जा रहा था। फैक्ट्री मालिक द्वारा मौके पर वैध दस्तावेज ना दिखा पाने के कारण टीम द्वारा पनीर व दही के उत्पादन बंद करा दिया गया व मौके से दो नमूने लेकर जांच के लिए राजकीय खाद्य प्रयोगशाला रुद्रपुर भेजा गया है। कार्रवाई के दौरान पथरी पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
वहीं दूसरी ओर कांवड़ पटरी मार्ग चंडीपुल से चिड़ियापुर तक पटरी मार्ग पर स्थित अस्थाई खाद्य स्टॉल एवं भंडारों का निरीक्षण किया गया इस दौरान टीम द्वारा कूड़े का उचित निस्तारण करने, रेट लिस्ट चस्पा करने, खाद्य रजिस्ट्रेशन बनवाने की विशेष निर्देश दिए। इसके साथ ही दिलीप जैन के नेतृत्व में इंडस्ट्रियल एरिया स्थित कोल्ड ड्रिंक के दो गोदाम का निरीक्षण किया गया, निरीक्षण के दौरान माजा एवं फेंटा कोल्ड ड्रिंक के दो नमूने जांच हेतु लिए गए तथा निरीक्षण में पायी गयीं अनिमियताओं के संबंध में दोनों स्टोरेज मालिकों को नोटिस भी जारी किया गया।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी पवन कुमार के नेतृत्व में पंत द्वीप पार्किंग में अस्थाई एवं स्थाई खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया इस दौरान कुल 12 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया जिसमें तीन खाद्य प्रतिष्ठानों के फूड लाइसेंस न होने के कारण नोटिस जारी किया गया। साथ ही एक्सपायरी डेट की कोल्ड्रिंक्स पाई गई जिसको मौके पर ही जब्त कर नष्ट करा दिया गया।





