

डीडवाना- कुचामन,
इंटरनेट के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से, प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी फरवरी के दूसरे मंगलवार को विश्व स्तर पर ‘सुरक्षित इंटरनेट दिवस’ (Safer Internet Day) मनाया गया। वर्ष 2026 के लिए इस दिवस की थीम “स्मार्ट तकनीक, सुरक्षित विकल्प: एआई (AI) के सुरक्षित और जिम्मेदार उपयोग की खोज” रखी गई है।
सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के उपनिदेशक शिवराज सोनी ने बताया कि सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के शासन सचिव महोदय के निर्देशों की अनुपालना में, विभाग के राजसेवकों द्वारा इस पहल में सक्रिय भागीदारी निभाई जा रही है। विभाग द्वारा जिला, ब्लॉक और ग्राम पंचायत स्तर पर विशेष जागरूकता कार्यशालाएं आयोजित की जा रही हैं। इन कार्यशालाओं का मुख्य उद्देश्य स्थानीय नागरिकों, बच्चों, महिलाओं और सरकारी कार्मिकों को ऑनलाइन सुरक्षा के आवश्यक ज्ञान और तकनीकी उपकरणों से लैस करना है।
उन्होंने बताया कि इस अवसर पर मंगलवार को जिला मुख्यालय स्थित स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल स्कूल, डीडवाना में एक व्यापक जागरूकता सत्र का आयोजन किया गया। इस कार्यशाला में विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और राजकीय कार्मिकों ने भाग लिया।
कार्यशाला में साइबर स्वच्छता सहित जिम्मेदार इंटरनेट उपयोग और साइबर हाइजीन के बारे में विस्तृत जानकारी साझा की गई। साथ ही प्रतिभागियों को आधुनिक साइबर अपराधों जैसे AI वॉयस क्लोनिंग, डीपफेक वीडियो घोटाले, एआई चैटबॉट प्रतिरूपण और एआई जनित फिशिंग मैसेज तथा के एआई उपकरणों का उपयोग करते समय बरती जाने वाली सावधानियों और सुरक्षित आदतों के बारे में बताया गया।
सूचना प्रौद्योगिकी और संचार विभाग के उपनिदेशक ने जानकारी देते हुए बताया कि सुरक्षित इंटरनेट दिवस के अवसर पर जिले के समस्त ब्लॉक मुख्यालयों, स्कूलों, कॉलेजों और सरकारी कार्यालयों में कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इन कार्यक्रमों के माध्यम से समुदाय को सुरक्षित डिजिटल वातावरण निर्माण हेतु प्रेरित किया गया।
उन्होंने बताया कि हमारा लक्ष्य है कि तकनीक के इस युग में प्रत्येक नागरिक, विशेषकर हमारे युवा, एआई और इंटरनेट का लाभ उठाते समय संभावित खतरों को पहचानें और उनसे सुरक्षित रहें।”






