
धनबाद
कतरास। बोकारो के एक युवक द्वारा शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के खिलाफ युवती ने धनबाद के एसएसपी से शिकायत की है। शिकायत में पीड़िता ने आरोप लगाया है कि बोकारो के रहने वाले अभिषेक ने शादी करने का भरोसा दिलाया और उसकी मांग में सिंदूर भर दिया। इसके बाद अलग-अलग जगहों पर ले जाकर कई बार शारीरिक संबंध बनाए। जब मैंने सामाजिक रूप से शादी करने की बात कही तो वह टालने लगा और बाद में उसका मोबाइल नंबर भी ब्लॉक कर दिया। बीते 8 मार्च को कतरास के महिला थाना के पास आरोपी अपने कुछ साथियों के साथ पहुंचकर शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित महिला ने इसी मामले को लेकर कतरास थाना से शिकायत करते हुए महिला थाना प्रभारी के कार्यशैली पर सवाल उठाया है। महिला का आरोप है कि 14 मार्च की शाम मोबाइल पर सूचना मिलने के बाद वह महिला थाना पहुंची, जहां उसे पहले कतरास थाना से कागज लाने को कहा गया। महिला ने बताया कि जब वह कतरास थाना से आवश्यक कागजात लेकर दोबारा महिला थाना पहुंची तो वहां उसकी शिकायत दर्ज नहीं की गई और एफआईआर लेने से इनकार कर दिया गया। पीड़िता ने कहा इस मामले में उसे न्याय नहीं मिल पा रहा है। महिला ने प्रशासन से मामले की जांच कर उचित कार्रवाई की मांग की है। मामले को लेकर कतरास थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया कि आवेदन के आधार पर पुलिस के द्वारा विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।







