A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा खबरदेश

आज से शुरू यूपी बोर्ड की महापरीक्षा: 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी, 8033 केंद्रों पर कड़ी निगरानी और हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था लागू

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है।

🚨 आज से शुरू यूपी बोर्ड की महापरीक्षा: 53 लाख से अधिक परीक्षार्थी, 8033 केंद्रों पर कड़ी निगरानी और हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था लागू 🚨

उत्तर प्रदेश में आज से हाईस्कूल और इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षाएं विधिवत प्रारंभ हो गई हैं। इस बार परीक्षाओं को नकल-विहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक और अभूतपूर्व तैयारियां की गई हैं। प्रदेश भर में कुल 8033 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें 596 राजकीय माध्यमिक विद्यालय, 3453 अशासकीय सहायता प्राप्त माध्यमिक विद्यालय और 3984 स्ववित्त पोषित माध्यमिक विद्यालय शामिल हैं।

परीक्षा दो पालियों में आयोजित की जा रही है। पहली पाली सुबह 8:30 बजे से 11:45 बजे तक और दूसरी पाली दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:15 बजे तक चलेगी। परीक्षा में कुल 53,37,778 परीक्षार्थी पंजीकृत हैं। इनमें 52,42,235 संस्थागत तथा 95,543 व्यक्तिगत परीक्षार्थी शामिल हैं। हाईस्कूल में 27,61,696 छात्र-छात्राएं पंजीकृत हैं, जिनमें 27,50,862 संस्थागत और 10,834 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। वहीं इंटरमीडिएट में 25,76,082 परीक्षार्थी शामिल हैं, जिनमें 24,91,373 संस्थागत और 84,709 व्यक्तिगत परीक्षार्थी हैं। खास बात यह है कि इस बार हाईस्कूल और इंटरमीडिएट दोनों स्तरों पर छात्राओं की संख्या छात्रों से कम है।

सुरक्षा की दृष्टि से प्रदेश के 18 जिलों को संवेदनशील घोषित किया गया है। आगरा, मथुरा, अलीगढ़, हाथरस, एटा, कासगंज, प्रयागराज, कौशांबी, प्रतापगढ़, हरदोई, कन्नौज, आजमगढ़, बलिया, मऊ, जौनपुर, गाजीपुर, देवरिया और गोंडा जिलों में विशेष सतर्कता बरती जा रही है। इसके अलावा 222 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील और 683 परीक्षा केंद्र संवेदनशील श्रेणी में रखे गए हैं।

सभी 8033 परीक्षा केंद्रों पर वॉइस रिकॉर्डर युक्त दो सीसीटीवी कैमरे, राउटर, डीवीआर और हाई स्पीड इंटरनेट कनेक्शन की व्यवस्था की गई है। प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर एक केंद्र व्यवस्थापक, एक बाह्य केंद्र व्यवस्थापक और एक स्टेटिक मजिस्ट्रेट की तैनाती की गई है। इसके अतिरिक्त 1210 सेक्टर मजिस्ट्रेट और 427 जोनल मजिस्ट्रेट नियुक्त किए गए हैं। नकल रोकने के लिए 69 मंडलीय तथा 440 जनपदीय सचल दलों का गठन किया गया है। 75 जनपद स्तरीय और 18 वरिष्ठ अधिकारियों को मंडल स्तरीय पर्यवेक्षक के रूप में नामित किया गया है।

परीक्षा की निगरानी के लिए लखनऊ में शिक्षा निदेशक के शिविर कार्यालय तथा प्रयागराज स्थित माध्यमिक शिक्षा परिषद मुख्यालय में कंट्रोल रूम स्थापित किए गए हैं। इसके साथ ही सभी 75 जिलों में जनपद स्तरीय कंट्रोल रूम सक्रिय किए गए हैं, जो परीक्षा की पल-पल की मॉनिटरिंग करेंगे।

इस वर्ष प्रश्नपत्रों के साथ-साथ रिजर्व सेट्स की भी व्यवस्था की गई है। उत्तर पुस्तिकाओं की अदला-बदली की आशंका को समाप्त करने के लिए चार अलग-अलग रंगों की उत्तर पुस्तिकाएं तैयार की गई हैं, जिन पर माध्यमिक शिक्षा परिषद का लोगो अंकित रहेगा।

प्रदेश सरकार और शिक्षा विभाग का दावा है कि इस बार परीक्षा व्यवस्था पूरी तरह पारदर्शी और सख्त निगरानी में होगी, ताकि मेहनती छात्रों का भविष्य सुरक्षित रहे और नकल माफियाओं पर पूरी तरह अंकुश लगाया जा सके।


संपादक – एलिक सिंह
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
ब्यूरो प्रमुख – हलचल इंडिया न्यूज़, सहारनपुर

📞 खबर, विज्ञापन और सूचना हेतु संपर्क: 8217554083

Back to top button
error: Content is protected !!