
प्रेस विज्ञप्ति
मगध विश्वविद्यालय के कुलपति से मिले अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद, जीबीएम कॉलेज इकाई के छात्र नेता
छात्राओं को निःशुल्क शिक्षा एवं नामांकन शुल्क की समस्या को लेकर आज अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जीबीएम कॉलेज इकाई के छात्र नेताओं ने मगध विश्वविद्यालय के कुलपति महोदय से शिष्टाचार मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने जीबीएम कॉलेज परिसर में व्याप्त शैक्षणिक अव्यवस्था, असमान नामांकन शुल्क तथा छात्र-हितों से जुड़े विभिन्न ज्वलंत मुद्दों को प्रमुखता से उठाया।
एबीवीपी की जीबीएम कॉलेज इकाई की अध्यक्षा वैष्णवी कुमारी ने कहा कि निःशुल्क शिक्षा के नाम पर छात्राओं को दिग्भ्रमित किया जा रहा है। विश्वविद्यालय के अंतर्गत आने वाले विभिन्न अंगीभूत एवं संबद्ध महाविद्यालयों में नामांकन शुल्क एक समान नहीं है, जिससे छात्राओं को अनावश्यक आर्थिक बोझ उठाना पड़ रहा है। उन्होंने मांग की कि विश्वविद्यालय प्रशासन स्पष्ट रूप से निःशुल्क शिक्षा की नीति सार्वजनिक करे तथा सभी महाविद्यालयों में नामांकन शुल्क की समान व्यवस्था लागू करे, ताकि किसी भी छात्रा के साथ भेदभाव न हो।
महानगर मंत्री निरजला कुमारी ने कहा कि वर्तमान शुल्क संरचना आर्थिक रूप से कमजोर एवं ग्रामीण पृष्ठभूमि की छात्राओं के लिए कठिन साबित हो रही है। यदि नामांकन शुल्क में कमी नहीं की गई तो अनेक योग्य छात्राएं उच्च शिक्षा से वंचित हो सकती हैं। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रहित में संवेदनशील निर्णय लेने का आग्रह किया।
प्रतिनिधिमंडल ने जीबीएम कॉलेज के सभी विषयों से संबंधित समस्याओं को भी कुलपति महोदय के समक्ष रखा। इसमें नियमित कक्षाओं का संचालन, विषयवार शिक्षकों की उपलब्धता, परीक्षा परिणामों में हो रही देरी, छात्रवृत्ति वितरण में पारदर्शिता, पुस्तकालय सुदृढ़ीकरण तथा आधारभूत सुविधाओं के विकास जैसे मुद्दे शामिल रहे। छात्र नेताओं ने कहा कि जब तक इन समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, तब तक छात्र-हित प्रभावित होते रहेंगे।
कुलपति महोदय ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वस्त किया कि सभी प्राचार्यों की बैठक बुलाई गई है, जिसमें नामांकन शुल्क की असमानता एवं अन्य शैक्षणिक विषयों पर विस्तृत चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जीबीएम कॉलेज से जुड़े विषयों पर विश्वविद्यालय प्रशासन गंभीरतापूर्वक विचार कर रहा है और छात्रों की समस्याओं का यथाशीघ्र समाधान किया जाएगा।
अंत में एबीवीपी प्रतिनिधिमंडल ने स्पष्ट किया कि संगठन का उद्देश्य टकराव नहीं, बल्कि छात्र-हितों की रक्षा एवं समान अवसर सुनिश्चित करना है। यदि समस्याओं का समाधान शीघ्र नहीं किया गया तो परिषद लोकतांत्रिक तरीके से आगे की रणनीति तय करेगी।
इस मौके पर विभाग संगठन मंत्री मोहित भदौरिया,प्रांत छात्रा प्रमुख प्रिया सिंह,कॉलेज अध्यक्ष वेष्णवी कुमारी,कॉलेज मंत्री निर्जला कुमारी,शिवानी सिंह,मुस्कान कुमारी,शेवक्षा रानी आदि मौजूद रहे.
त्रिलोकी नाथ डिस्ट्रिक्ट रिपोर्टर गयाजी बिहार
वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज़



