
**जिले में विशाल श्रमिक सम्मेलन आयोजित**

तिलक राम पटेल संपादक महासमुन्द वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज चैनल समृद्ध भारत अखबार
श्रमिक प्रदेश के विकास और अर्थव्यवस्था की रीढ़ – अध्यक्ष डाॅ. रामप्रताप सिंह
3,106 पंजीकृत श्रमिकों के खातों में 1 करोड़ 51 लाख 57 हजार से अधिक की सहायता राशि अंतरित
श्रमिकों का जीवन स्तर उठाना मंडल का मुख्य उद्देश्य – विधायक श्री सिन्हा
महासमुंद 19 फरवरी 2026/ श्रमिकों के सम्मान एवं उनके सर्वांगीण विकास के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल के अध्यक्ष डॉ. रामप्रताप सिंह के मुख्य आतिथ्य में जिला स्तरीय श्रमिक सम्मेलन का आयोजन आज विशाल मेगा मार्ट परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर विधायक महासमुंद श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डाॅ. विमल चोपड़ा, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री भीखम सिंह ठाकुर, जनपद अध्यक्ष श्रीमती दिशा दीवान, स्काउट एवं गाइड के राज्य आयुक्त श्री इन्द्रजीत सिंह गोल्डी एवं स्काउट एवं गाइड के जिलाध्यक्ष श्री ऐतराम साहू प्रमुख रूप से मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान जिले के 3106 पंजीकृत श्रमिकों के खातों में 1 करोड़ 51 लाख 57 हजार 630 रुपये की राशि डीबीटी के माध्यम से अंतरित की गई। इस अवसर पर श्रमिकों में हर्ष एवं उत्साह का माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर मुख्य अतिथि डॉ. रामप्रताप सिंह ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने बताया कि सभी जिले में श्रमिक सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है तथा आज महासमुंद जिले में 3 हजार से ज्यादा श्रमिकों को 1 करोड़ 51 लाख रुपए से ज्यादा की राशि उनके खाते में भेजी जा रही है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों के सामाजिक, आर्थिक एवं शैक्षणिक उत्थान के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। निर्माण एवं असंगठित क्षेत्र के श्रमिक प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और उनके सम्मान, सुरक्षा एवं कल्याण को सुनिश्चित करना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने शासन द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों से अधिक से अधिक लाभ लेने का आह्वान किया।
डॉ. सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय की सरकार में योजनाओं के क्रियान्वयन में सुशासन और पारदर्शिता को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। श्रमिकों को उनके हित की राशि अब सीधे उनके बैंक खातों में मिल रही है। उन्होंने श्रमिकों से अपने पंजीयन को अद्यतन रखने, श्रम कार्ड बनवाने और निरंतर नवीनीकरण पर जोर दिया। साथ ही बच्चों की शिक्षा पर ध्यान देने तथा स्वास्थ्य बीमा योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। इस अवसर पर उन्होंने यह भी कहा कि सरकार श्रमिक परिवारों के भविष्य को सुरक्षित करने के लिए आवास, छात्रवृत्ति, चिकित्सा सहायता, प्रसूति सहायता एवं कौशल विकास जैसी योजनाओं का विस्तार कर रही है।
विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा ने कहा कि श्रमिक समाज व राज्य की प्रगति की रीढ़ है और उनके उत्थान के लिए सरकार निरंतर प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में श्रमिकों एवं गरीब वर्ग के कल्याण हेतु अनेक महत्वाकांक्षी योजनाएँ प्रारंभ की गई हैं। इन योजनाओं के माध्यम से श्रमिक परिवारों को सामाजिक सुरक्षा एवं आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय की सरकार, केन्द्र सरकार के साथ कदम से कदम मिलाकर चल रहे है। राज्य शासन श्रमिक योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने, उन्हें आत्मनिर्भर बनाने तथा उनके परिवारों को सुरक्षित भविष्य प्रदान करने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। उन्होंने जिले के श्रमिकों से अपील की है कि वे समय पर पंजीयन कराकर शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लें। विधायक श्री सिन्हा ने कहा कि राज्य सरकार श्रमिकों की समस्याओं के समाधान हेतु सदैव तत्पर है और उनकी आवश्यकताओं को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा। उन्होंने विभिन्न योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि विकसित भारत के निर्माण में श्रमिकों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर ने कहा कि जी-राम-जी योजना के अंतर्गत अब श्रमिकों को 125 दिवस का सुनिश्चित रोजगार उपलब्ध कराया जाएगा, साथ ही उन्हें उनके श्रम का वाजिब मूल्य भी मिलेगा। उन्होंने विकसित भारत अभियान का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में देश को विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में निरंतर कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में हमारे जिले को भी विकास की नई ऊँचाइयों तक पहुँचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।
पूर्व विधायक डॉ. विमल चोपड़ा ने कहा कि देश की उन्नति में श्रमिकों की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि सुई से लेकर हवाई जहाज तक हर वस्तु के निर्माण में मजदूरों का परिश्रम जुड़ा होता है। बिना श्रमिकों के किसी भी प्रकार के विकास और निर्माण की कल्पना नहीं की जा सकती। उन्होंने आगे कहा कि मजदूरों के कठिन परिश्रम और योगदान को सम्मान देने तथा उनके जीवन स्तर को बेहतर बनाने के उद्देश्य सरकार द्वारा कर्मकार कल्याण मंडल का गठन किया गया है।
श्री येतराम साहू ने कहा कि कोई भी देश और अर्थव्यवस्था के निर्माण में श्रमिकों का योगदान महत्वपूर्ण है। श्रम विभाग में अनेक योजनाओं द्वारा लाभान्वित किया जा रहा। उन्होंने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं के माध्यम से गरीब, श्रमिक एवं वंचित वर्ग को मुख्यधारा से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। शासन की प्राथमिकता है कि हर पात्र व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचे। इस अवसर पर नगरपालिका उपाध्यक्ष श्री देवीचंद राठी, पूर्व नगरपालिका अध्यक्ष श्री पवन पटेल, श्री महेन्द्र सिक्का, श्री मनीष बंसल, श्री अमन वर्मा, श्री अरविन्द प्रहरे, स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में श्रमिकगण एवं श्रम विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
श्रम पदाधिकारी श्री डी.एन पात्र ने अपने विभागीय प्रतिवेदन में बताया कि विगत ढाई वर्षों में छत्तीसगढ़ भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण मंडल अंतर्गत 44 हजार 373 हजार श्रमिक पंजीकृत हुए है तथा 42 हजार 116 श्रमिकों के पंजीयन का नवीनीकरण किया गया है। इन ढाई वर्षों मंे विभिन्न योजनाओं के माध्यम से अब तक 26 हजार 256 श्रमिकों के खातों में 23 करोड़ 43 लाख 94 हजार रुपए अंतरित कर उन्हें लाभान्वित किया गया है। उन्होंने बताया कि जिले में विगत 2 वर्षों में 287 शिविर कैम्पों के माध्यम से 28,526 श्रमिकों का पंजीयन किया गया है। साथ ही उन्होंने बताया कि जिले में शहीद वीर नारायण सिंह श्रम अन्न सहायता बस स्टैंड महासमंुद और औद्योगिक क्षेत्र बिरकोनी में संचालित किया जा रहा है। योजना अंतर्गत ढाई वर्षों में कुल 1 लाख 34 हजार 681 यूनिट श्रमिकों को 5 रुपए की दर से भोजन कराया गया है।
श्रमिक सम्मेलन में दीदी ई-रिक्शा सहायता योजना के अंतर्गत महासमंुद नयापारा वार्ड की निवासी श्रीमती ललिता महानंद को ई-रिक्शा प्रदान किया गया। उन्होंने बताया कि ई-रिक्शा उनके परिवार के आय का मुख्य स़्त्रोत है। उनके परिवार में 3 बेटियां है और पति भी मजदूरी करते हैं। अब इस योजना की सहायता से वे अपने परिवार को आर्थिक संबल दे पाएंगी। उन्होंने कहा कि इस योजना ने मेरी जिंदगी बदल दी है। योजना अंतर्गत एक लाख रुपए की सब्सिडी राशि मिलती है। ई-रिक्शा प्रदान करने के दौरान मुख्य अतिथि श्री डाॅ. रामप्रताप सिंह, विधायक श्री योगेश्वर राजू सिन्हा, पूर्व राज्य मंत्री श्री पूनम चंद्राकर, पूर्व विधायक डाॅ. विमल चोपड़ा ने ई-रिक्शा की सवारी की और ललिता और उनके परिवार को शुभकामनाएं दी।






