
धनबाद : धनबाद जिला के महुदा थाना क्षेत्र अंतर्गत रानीडीह भुरूगिंया में कथित रूप से कई दिनों से अवैध कोयला उत्खनन चल रहा था। ग्रामीणों का आरोप है कि यह अवैध खनन प्रशासन की मिलीभगत से संचालित हो रहा था।
पिपराटांड़ के ग्रामीणों को जब इसकी जानकारी मिली तो वे इसका विरोध करने पहुंचे। इसी दौरान हथियार से लैस हमलावरों ने ग्रामीणों पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में सपन पांडे बेहोश हो गए हैं, जबकि सिद्धेश्वर पांडे, राज पांडे समेत कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
ग्रामीणों का कहना है कि धनबाद के विभिन्न इलाकों में खुलेआम अवैध कोयला खनन चल रहा है, जिससे न केवल सरकारी राजस्व को नुकसान हो रहा है, बल्कि क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का मनोबल भी बढ़ रहा है।
घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और अवैध खनन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।




