A2Z सभी खबर सभी जिले कीअन्य खबरेउत्तर प्रदेशताज़ा खबरदेश

सहारनपुर में सनसनी: ग्राम सचिव के घर में 21 वर्षीय युवती का शव फंदे पर लटका मिला, परिजनों ने जताया संदेह

प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुलिस जांच जारी

🚨🟥 सहारनपुर में सनसनी: ग्राम सचिव के घर में 21 वर्षीय युवती का शव फंदे पर लटका मिला, परिजनों ने जताया संदेह — प्रेम प्रसंग की चर्चा, पुलिस जांच जारी 🟥🚨

सहारनपुर के थाना सदर बाजार क्षेत्र स्थित हकीकत नगर, पंजाबी बाग में रविवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ग्राम सचिव के घर में काम करने वाली 21 वर्षीय युवती का शव कमरे के अंदर फंदे से लटका मिला। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। जानकारी के अनुसार सोधी कुमार और उनकी पत्नी संगीता दोनों जनपद में ग्राम सचिव के पद पर तैनात हैं और हकीकत नगर पंजाबी बाग स्थित अपने आवास में रहते हैं। मृतका टीना (21) पुत्री मांगेराम, थाना गागलहेड़ी क्षेत्र के ग्राम बड़ी बेंदी की निवासी थी और पिछले लगभग 10 महीनों से उनके घर में घरेलू सहायिका के रूप में कार्यरत थी। वह घर पर रहकर खाना बनाने और साफ-सफाई का काम करती थी। बताया जा रहा है कि रविवार होने के कारण दोनों पति-पत्नी घर पर ही मौजूद थे। सुबह दूध लेने के बाद टीना अपने कमरे में चली गई, लेकिन काफी देर तक कोई आहट न मिलने पर संगीता ने आवाज लगाई। जवाब न मिलने पर जब दरवाजे के पास जाकर देखा गया तो दरवाजा अंदर से बंद था। आसपास से झांककर देखने पर युवती का शव फंदे से लटका दिखाई दिया, जिसके बाद शोर मचने पर आसपास के लोग और परिजन मौके पर एकत्र हो गए। डायल 112 पर सूचना देने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतरवाकर जिला अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतका के परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का कहना है कि टीना नियमित रूप से घरवालों से बात करती थी और सामान्य व्यवहार में थी, इसलिए उन्होंने मौत पर संदेह जताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं स्थानीय स्तर पर प्रेम प्रसंग को लेकर भी चर्चाएं चल रही हैं। मामले में एसपी सिटी व्योम बिन्दल ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट और विस्तृत जांच के बाद ही स्पष्ट होगा। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं पर गंभीरता से जांच की जा रही है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पूरे क्षेत्र में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं और लोग सच्चाई सामने आने का इंतजार कर रहे हैं।

संपादक – एलिक सिंह
वंदे भारत लाइव टीवी न्यूज़
ब्यूरो प्रमुख – हलचल इंडिया न्यूज़, सहारनपुर
ब्यूरो प्रमुख – दैनिक आशंका बुलेटिन, सहारनपुर

📞 खबर, विज्ञापन और सूचना हेतु संपर्क: 8217554083

Back to top button
error: Content is protected !!