

सिंगरौली: आगामी होली एवं रमजान पर्व को लेकर शांति समिति की बैठक हुई आयोजित ।
(जिला ब्यूरो चीफ सिंगरौली अमरेन्द्र शुक्ला)
सिंगरौली: आगामी होली एवं रमजान पर्व को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में शांति समिति की बैठकें आयोजित की गईं। यह बैठकें पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन में संपन्न हुईं।
बैठकों में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, गणमान्य नागरिकों तथा शांति समिति के सदस्यों के साथ विस्तृत चर्चा करते हुए त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने की अपील की गई। उपस्थित लोगों से आग्रह किया गया कि सभी त्यौहार आपसी भाईचारे एवं सामाजिक सौहार्द के साथ मनाएं तथा प्रशासन का सहयोग करें।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार, पूर्व में त्योहारों के दौरान हुए विवादों में शामिल असामाजिक तत्वों के विरुद्ध बाउंड ओवर की कार्यवाही की जा रही है। साथ ही शांति भंग की आशंका वाले व्यक्तियों के विरुद्ध भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा रही है, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
इसके अतिरिक्त संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्त, वाहन चेकिंग एवं आवश्यकता अनुसार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
सिंगरौली पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें, सोशल मीडिया पर भ्रामक या भड़काऊ संदेश प्रसारित करने से बचें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाना या पुलिस कंट्रोल रूम को दें।
बैठकों में डीजे संचालकों को विशेष रूप से आमंत्रित कर ध्वनि विस्तारक यंत्रों के उपयोग संबंधी शासन द्वारा निर्धारित नियमों, समय-सीमा एवं ध्वनि स्तर के मानकों का पालन करने के निर्देश दिए गए। साथ ही स्पष्ट किया गया कि नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
सिंगरौली पुलिस कानून व्यवस्था बनाए रखने एवं त्योहारों को शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने हेतु पूर्णतः प्रतिबद्ध है।







