
सुरेन्द्र दुबे डिस्टिक हेड 9425179527 *धार 1 मार्च 2026।* जापान इंटरनेशनल कोऑपरेशन एजेंसी (जायका) के अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधि मंडल ने धार जिले के औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर में मध्यप्रदेश पावर ट्रांसमिशन कंपनी (एमपी ट्रांसको) की जायका-द्वितीय वित्त पोषित परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया।
जायका के द्वि-सदस्यीय प्रतिनिधि मंडल में इवैल्यूएटर सुश्री हिसाए ताकाहाशी एवं जायका के भारतीय प्रतिनिधि श्री कुनाल गुप्ता शामिल थे। प्रतिनिधि मंडल ने परियोजनाओं के अंतर्गत किए गए निर्माण कार्यों, उनकी गुणवत्ता, उपयोगिता एवं अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान पीथमपुर स्थित 400 केवी सब-स्टेशन में जायका द्वारा वित्तपोषित 315 एमवीए क्षमता के पावर ट्रांसफॉर्मर की स्थापना एवं उसकी उपयोगिता संबंधी जानकारी भी प्राप्त की गई। साथ ही परियोजना का सूक्ष्म मूल्यांकन भी किया गया।
*औद्योगिक इकाइयों का किया दौरा, लिया प्रत्यक्ष फीडबैक*
निरीक्षण के दौरान एमपी ट्रांसको के अधिकारियों ने प्रतिनिधि मंडल को बताया कि ट्रांसफॉर्मर के स्थापित एवं ऊर्जीकृत होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति की गुणवत्ता एवं स्थिरता में उल्लेखनीय सुधार हुआ है, जिससे धार जिले की औद्योगिक इकाइयों को निर्बाध बिजली उपलब्ध हो रही है।
प्राप्त जानकारी के प्रत्यक्ष सत्यापन हेतु इवैल्यूएटर सुश्री हिसाए ताकाहाशी ने औद्योगिक क्षेत्र पीथमपुर का भ्रमण कर वास्तविक स्थिति का स्वयं आकलन करने का निर्णय लिया। इस दौरान जायका प्रतिनिधि मंडल ने औद्योगिक इकाइयों के संचालकों के साथ बैठक कर फीडबैक भी लिया।
*विद्युत आपूर्ति हुई अधिक स्थिर और गुणवत्तापूर्ण*
निरीक्षण के दौरान एसआरएफ लिमिटेड के प्रतिनिधियों ने जायका टीम के साथ अपने अनुभव साझा किए। कंपनी ने बताया कि पावर ट्रांसफॉर्मर के ऊर्जीकृत होने के बाद अब विद्युत आपूर्ति पूरी तरह स्थिर एवं गुणवत्तापूर्ण हो गई है।
एसआरएफ इंडस्ट्रीज के लीगल हेड श्री मिश्रा ने बताया कि बेहतर विद्युत उपलब्धता के कारण कंपनी 132 केवी स्तर पर अपना लोड बढ़ाकर लगभग 15 एमवीए करने की तैयारी में है, जिससे दो नई उत्पादन इकाइयों को संचालन में लाया जा सकेगा।
*एमपी ट्रांसको की मुक्तकंठ से सराहना*
जायका की अंतरराष्ट्रीय टीम ने एमपी ट्रांसको की सराहना करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश में जायका वित्तपोषित परियोजनाओं के माध्यम से बेहतर लोड प्रबंधन सुनिश्चित किया गया है, जिससे धार जिले के कृषि, घरेलू उपभोक्ताओं एवं औद्योगिक इकाइयों को समान रूप से लाभ मिल रहा है। टीम ने परियोजनाओं के सकारात्मक प्रभावों को औद्योगिक विकास के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण बताया।
*ये अधिकारी रहे उपस्थित*
निरीक्षण के दौरान एमपी ट्रांसको की अतिरिक्त मुख्य अभियंता श्रीमती नीलम खन्ना, अधीक्षण अभियंता श्री जयेश चोपड़ा, कार्यपालन अभियंता श्री अनिषकांत दुबे, श्री विश्वप्रिय श्रीवास्तव, श्रीमती नम्रता जैन, सहायक अभियंता श्री राजू दास बैरागी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्म
चारी उपस्थित रहे।










