
नरसिंहपुर में जनगणना 2027 के लिए तीन दिवसीय प्रशिक्षण प्रारंभ
Narsinghpur,- भारत की जनगणना 2027 के अंतर्गत प्रथम चरण (मकान सूचीकरण और आवास जनगणना) के चार्ज स्तरीय प्रगणक एवं पर्यवेक्षकों के लिए होने वाले तीन दिवसीय प्रशिक्षण नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में बुधवार को प्रारंभ हुआ। यह प्रशिक्षण तीन चरणों में आयोजित किया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान नगरीय निकाय के प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों को 34 बिंदुओं पर आधारित पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी जा रही है।
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान नगर पालिका क्षेत्र के चार्ज अधिकारी श्री नीलम चौहान ने सभी प्रगणकों एवं पर्यवेक्षकों से कहा कि जनगणना एक राष्ट्रीय महत्वपूर्ण कार्य है। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि डिजिटल जियो- मैपिंग के माध्यम से मकानों का सूचीकरण और आवास जनगणना की प्रक्रिया प्रशिक्षण में अच्छी तरह समझकर निर्धारित समय सीमा में इस कार्य को पूर्ण करें। जिला जनगणना प्रभारी श्रुति पाटीदार ने कहा कि सर्वे का कार्य विधिवत एवं सावधानीपूर्वक किया जाए। प्रशिक्षण में अपनी शंकाओं का समाधान करें। उन्होंने बताया कि इस बार पूरा सर्वे डिजिटल के माध्यम से किया जाएगा। सभी प्रगणक निर्धारित मोबाइल एप पर ही कार्य करें, ऑफलाइन कार्य न करें। जनगणना लिपिक श्री अमित नेमा ने बताया कि इस प्रशिक्षण के माध्यम से जनगणना कार्य को सुचारू, सटीक एवं समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने की तैयारी की जा रही है। यह प्रशिक्षण फील्ड ट्रेनर श्री ब्रजेश नेमा, श्री नीरज वाजपेई एवं श्रीउमेश दुबे द्वारा प्रदान किया जा रहा है।



