

डीडवाना-कुचामन, जिला स्तरीय समीक्षा बैठक सोमवार को जिला कलक्टर श्री अवधेश मीणा की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित हुई।
बैठक में जिला कलक्टर ने ग्राम रथ अभियान की तैयारियों, सम्पर्क पोर्टल पर लंबित प्रकरणों सहित विभिन्न विभागीय कार्यों व योजनाओं की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये।
जिला कलक्टर ने जिले में 28 अप्रेल से 15 दिनों तक ग्राम पंचायतों में चलने वाले ग्राम रथ अभियान के संबंध में ग्राम पंचायत स्तर पर आवश्यक व्यवस्था,रूट चार्ट, योजनाओं के प्रचार- प्रसार एवं नोडल अधिकारियों की नियुक्ति सहित आवश्यक तैयारियों के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।
इस दौरान उन्होंने सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज और लंबित प्रकरणों की विभागवार समीक्षा कर 15 दिवस से अधिक के परिवादों का शीघ्र गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को नियमित रूप से सम्पर्क पोर्टल पर दर्ज परिवादों की मॉनिटरिंग करने के लिए भी निर्देशित किया।
बैठक में जिला कलक्टर ने चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग के कार्यों की समीक्षा कर लू व तापघात की स्थितियों के मध्यनजर सभी चिकित्सा संस्थानों में अलग वार्ड तैयार करने, अस्पतालों में पंखे व कूलर की व्यवस्था करने,आवश्यक दवाओं की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने बैठक में विद्युत विभाग, जन स्वास्थ्य अभियांत्रिकी विभाग, उद्योग विभाग, सार्वजनिक निर्माण विभाग, पशुपालन विभाग के विभागीय कार्यों, योजनाओं और बजट घोषणा के भूमि आवंटन की समीक्षा कर आवश्यक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही मुख्यमंत्री विकसित ग्राम शहरी वार्ड अभियान के तहत ग्राम पंचायतों व शहरी निकायों में मास्टर प्लान व सुझावों की प्रगति की मॉनिटरिंग करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।
इस दौरान बैठक में अतिरिक्त जिला कलक्टर विकास मोहन भाटी, नगर परिषद आयुक्त भगवान सिंह, विद्युत विभाग के अधीक्षण अभियंता एफ आर मीणा, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ नरेंद्र चौधरी सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।





