
विजय कुमार बंसल हरिद्वार ब्यूरो
युवाओं के उज्ज्वल भविष्य निर्माण में नेहरू युवा केंद्र एवं यूथ हॉस्टल की महत्वपूर्ण भूमिका हरिद्वार 
नेहरू युवा केंद्र संगठन तथा (भारतीय युवा छात्रावास संघ) जैसे प्रतिष्ठित संस्थान आज युवाओं के व्यक्तित्व निर्माण, राष्ट्र निर्माण एवं समाज उत्थान में अत्यंत महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। नेहरू युवा केंद्र के अध्यक्ष श्री पदम प्रकाश शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया हरिद्वार में स्थापित ये केंद्र युवाओं के लिए केवल खेलकूद और आवासीय गतिविधियों का माध्यम नहीं हैं, बल्कि उनके जीवन को नई दिशा देने वाले प्रेरणा केंद्र के रूप में कार्य कर रहे हैं।इन संस्थानों के माध्यम से युवाओं को खेलकूद, योग, स्वास्थ्य जागरूकता, साहसिक प्रशिक्षण, नेतृत्व विकास, व्यक्तित्व निखार, सामाजिक सेवा, पर्यावरण संरक्षण, डिजिटल शिक्षा तथा रोजगार मार्गदर्शन जैसी अनेक ज्ञानवर्धक और जीवनोपयोगी गतिविधियों से जोड़ा जाता है। खेलों के माध्यम से युवाओं में अनुशासन,आत्मविश्वास, संघर्षशीलता, धैर्य तथा सामूहिक कार्य भावना का विकास होता है, वहीं स्वास्थ्य शिविरों, योग प्रशिक्षण और जागरूकता अभियानों से वे शारीरिक एवं मानसिक रूप से सशक्त बनते हैं।इसके अतिरिक्त विभिन्न विचार गोष्ठियाँ, प्रशिक्षण शिविर, कार्यशालाएँ तथा प्रेरणादायक व्याख्यान युवाओं को शिक्षा, रोजगार, स्वरोजगार एवं समाजसेवा के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। इन केंद्रों का उद्देश्य केवल अवसर प्रदान करना ही नहीं, बल्कि युवाओं में छिपी प्रतिभाओं को पहचानकर उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर तक पहुँचाने का मार्ग प्रशस्त करना भी है।हरिद्वार जैसी आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक नगरी में स्थित ये संस्थान युवाओं को संस्कार, संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और सामाजिक उत्तरदायित्वों से जोड़ते हुए उनके जीवन को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाने का कार्य कर रहे हैं। निस्संदेह, ये संस्थान युवाओं के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखकर उन्हें जीवन के प्रत्येक क्षेत्र में सफलता और बुलंदियों तक पहुँचाने में मील का पत्थर सिद्ध हो रहे हैं।






