
*डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस पर बसना में भक्ति का महासंगम, सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में शुरू हुआ अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ*

तिलक राम पटेल संपादक महासमुंद वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज चैनल
बसना क्षेत्र के लोकप्रिय विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस 10 मई के शुभ अवसर पर पूरे नगर में भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत वातावरण देखने को मिल रहा है। जन्मोत्सव की पूर्व संध्या पर शनिवार से भाजपा प्रकोष्ठ जिला संयोजक सुमित अग्रवाल के नेतृत्व में दो दिवसीय अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ का भव्य शुभारंभ किया गया।
क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति एवं जनकल्याण की मंगलकामना को समर्पित इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत नीलांचल भवन से निकाली गई विशाल कलश यात्रा के साथ हुई। “जय श्रीराम” और “हरे कृष्णा” के जयघोष से पूरा बसना नगर भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं की विशाल सहभागिता के बीच यह यात्रा नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए मंगल भवन पहुँची, जहाँ वैदिक मंत्रोच्चार एवं विधि-विधान के साथ कलश स्थापना कर अखंड हरिनाम संकीर्तन प्रारंभ किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने अपनी धर्मपत्नी के साथ पूजा-अर्चना कर किया। वहीं इस पावन महायज्ञ के मुख्य यजमान के रूप में सुमित अग्रवाल एवं उनकी धर्मपत्नी सोनिया अग्रवाल सपत्नीक उपस्थित रहे। उन्होंने विधिवत पूजा-अर्चना कर धार्मिक अनुष्ठान की परंपराओं का निर्वहन किया।
इस अवसर पर विधायक डॉ. संपत अग्रवाल ने कहा कि भक्ति, संकीर्तन और आध्यात्मिक आयोजन समाज में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उन्होंने कहा कि जनसेवा के साथ ईश्वर की आराधना समाज को नई दिशा, शक्ति और संस्कार प्रदान करती है। यह आयोजन पूरे क्षेत्र की खुशहाली, शांति और जनकल्याण के लिए समर्पित है।
वहीं सुमित अग्रवाल ने विधायक डॉ. संपत अग्रवाल को जन्मदिवस की अग्रिम शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि विधायक जी का जीवन सदैव जनसेवा, धर्म और समाजहित के कार्यों को समर्पित रहा है। उनके जन्मोत्सव पर आयोजित यह अष्ट प्रहरी हरिनाम संकीर्तन महायज्ञ पूरे बसना क्षेत्र के लिए शुभ, मंगलकारी एवं प्रेरणादायी सिद्ध होगा।
उन्होंने कहा कि किसी भी शुभ कार्य की शुरुआत यदि भगवान के नाम और भक्ति के साथ हो, तो वह समाज में सकारात्मकता, एकता और आध्यात्मिक चेतना का संदेश देती है। विधायक जी के व्यक्तित्व में सेवा, संस्कार और समर्पण का जो अद्भुत समन्वय दिखाई देता है, यह आयोजन उसी भावना का प्रतीक है।
आयोजन समिति के अनुसार, दो दिवसीय इस भव्य महायज्ञ में सात आमंत्रित मंडलियों द्वारा हरिनाम संकीर्तन, भजन एवं भक्तिमय नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियाँ दी जाएंगी, जिससे पूरा बसना क्षेत्र कृष्णमय वातावरण में सराबोर रहेगा।
कार्यक्रम का समापन रविवार 10 मई को विधायक डॉ. संपत अग्रवाल के जन्मदिवस पर महायज्ञ की पूर्णाहुति एवं विशाल महाप्रसाद वितरण के साथ होगा। आयोजन समिति ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर धर्मलाभ लेने की अपील की है।
इस आध्यात्मिक एवं सामाजिक आयोजन में विधायक परिवार सहित भाजपा के वरिष्ठ पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। पूरा बसना नगर भक्ति, श्रद्धा, सामाजिक समरसता और आध्यात्मिक ऊर्जा के रंग में रंगा नजर आया।









