सिद्धार्थ नगर, बजहा ग्रामसभा के टोला पोखर भिटवा गांव के पास शुक्रवार को मिट्टी गिरा रही एक ट्रैक्टर-ट्राली अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई। हादसे में विवाह समारोह के लिए रखी कुर्सियां, दो जनरेटर और बिजली का पोल क्षतिग्रस्त हो गया। हालांकि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्राली अचानक नियंत्रण खो बैठी और सड़क किनारे रखे सामान को रौंदते हुए पोल से जा भिड़ी। हादसा होते ही चालक ट्रैक्टर से कूदकर भाग निकला। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के लोग जुट गए। सूचना मिलने पर बजहा पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और नुकसान का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्राली को कब्जे में ले लिया है। उधर, ट्रैक्टर मालिक और टेंट व्यवसायी आपसी समझौते का प्रयास करते रहे। चौकी प्रभारी अखिलेश तिवारी ने बताया कि अभी तक किसी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं मिली है।






