
नरवाना में रंगदारी मांगने वाला गिरोह चंद घंटों में गिरफ्तार, 5 आरोपी काबू
नरवाना
नरवाना पुलिस ने व्यापारी को धमकी देकर हर महीने 1 लाख रुपये की रंगदारी मांगने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को चंद घंटों में गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक कुलदीप सिंह के दिशा-निर्देशन में थाना शहर नरवाना पुलिस और सीआईए स्टाफ नरवाना द्वारा की गई।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमरजीत उर्फ बच्ची, प्रवेश, मयंक, राहुल और सचिन निवासी गांव काब्रच्छा, जिला जींद के रूप में हुई है। शिकायतकर्ता व्यापारी नरेश जैन निवासी मॉडल टाउन नरवाना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 9 मई को कुछ युवक उनकी दुकान पर पहुंचे। पहले दो युवकों ने खुद को मयंक और सचिन बताया और कहा कि उनका “बॉस” उनसे अकेले में बात करना चाहता है। इसके बाद अमरजीत उर्फ बच्ची समेत अन्य युवक दुकान में आए और खुद को हाल ही में जेल से बाहर आया बताकर व्यापारी को डराया-धमकाया। आरोपियों ने सुरक्षा के नाम पर हर महीने 1 लाख रुपये देने की मांग की और मना करने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
शिकायत मिलते ही थाना शहर नरवाना में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। सीआईए स्टाफ नरवाना की टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और सुरागों के आधार पर सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर वारदात में इस्तेमाल कार भी बरामद की है।
चार आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया गया, जबकि मुख्य आरोपी अमरजीत उर्फ बच्ची का पुलिस रिमांड हासिल कर आगे पूछताछ की जा रही है।










