
ड्रोन निगरानी से सीआईएसएफ की बड़ी कार्रवाई, 2.070 टन अवैध कोयला बरामद।।
रिपोर्टर/राशीद अंसारी
खलारी। अवैध कोयला चोरी एवं तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सीआईएसएफ यूनिट सीसीएल एनके एवं पिपरवार ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए 2.070 टन अवैध कोयला बरामद किया। यह कार्रवाई ड्रोन निगरानी एवं आसूचना बल की सटीक सूचना के आधार पर की गई।
जानकारी के अनुसार शाम 7:20 बजे से 8:00 बजे के बीच ओसीपी/वजन कांटा घर संख्या-13 एवं उससे सटे सड़क किनारे क्षेत्र में सघन छापेमारी अभियान चलाया गया। अभियान का नेतृत्व उप कमांडेंट दिनेश कुमार एवं अधिकारी हर्ष लवानिया ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान निरीक्षक/कार्य अजित सोरेन, आसूचना बल के सदस्य समेत कुल 11 जवान शामिल रहे।
छापेमारी के दौरान बरामद अवैध कोयले को वजन कांटा घर संख्या-08 में काटा बाबू की उपस्थिति में तौल कराया गया, जिसमें कुल 2.070 टन कोयला बरामद हुआ। बरामद कोयले की अनुमानित कीमत लगभग 2018.25 रुपये बताई गई। बाद में सीसीएल कर्मियों की मौजूदगी में कोयले को डब्ल्यूबी-08 कोल स्टॉक में सुरक्षित जमा करा दिया गया।
पूरी कार्रवाई सीआईएसएफ यूनिट एनके एवं पिपरवार के कमांडेंट अमित कुमार के दिशा-निर्देशन में संपन्न हुई। कमांडेंट अमित कुमार ने कहा कि अब पारंपरिक गश्ती व्यवस्था के साथ आधुनिक तकनीक आधारित निगरानी प्रणाली को भी मजबूत किया जा रहा है। ड्रोन के जरिए दुर्गम एवं संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार नजर रखी जा रही है, जिससे अवैध कोयला कारोबार में संलिप्त लोगों की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण संभव हो रहा है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में भी कोयला चोरी एवं तस्करी के खिलाफ इसी प्रकार सख्त अभियान जारी रहेगा। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि सीआईएसएफ अब जमीन के साथ-साथ आसमान से भी निगरानी कर रही है, जिससे अवैध कारोबार में लगे लोगों में भय का माहौल है और क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था पहले से अधिक मजबूत हुई है।









