
*धनबाद :* सिंदरी विधानसभा क्षेत्र के बलियापुर प्रखंड अंतर्गत पहाड़पुर निवासी श्री महेश्वर महतो के 22 वर्षीय पुत्र जयदेव महतो की धनबाद स्थित शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज अस्पताल (SNMMCH) में इलाज के दौरान मौत हो गई। इस घटना के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
बताया जा रहा है कि जयदेव महतो पंडाल का काम कर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। जहर खाने के बाद गंभीर हालत में उन्हें अस्पताल के ICU में भर्ती कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि समय पर ऑक्सीजन नहीं मिलने और अस्पताल प्रबंधन की लापरवाही के कारण उनकी जान चली गई।
घटना की सूचना मिलते ही सिन्दरी की भाजपा नेत्री अस्पताल पहुंचीं और शोक संतप्त परिवार से मिलकर सांत्वना दी। उन्होंने राज्य सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर निशाना साधते हुए कहा कि स्वास्थ्य व्यवस्था पूरी तरह चरमरा चुकी है और लापरवाही के कारण एक गरीब मजदूर परिवार ने अपना बेटा खो दिया।
इस दर्दनाक घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश का माहौल है और लोग दोषियों पर कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।






