

जोगता थाना के प्रांगण में बकरीद को लेकर अहम बैठक, प्रशासन ने जारी किए दिशा-निर्देश
बकरीद(ईद उल अज़हा)पर्व को शांतिपूर्ण बनाने के लिए जोगता थाना में हुई शांति समिति की बैठक
मस्जिद कमीटियों और पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक, भाईचारे के साथ पर्व मनाने पर जोर दिया गया
जोगता थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा — अफवाहों से रहें सतर्क, प्रशासन का करें सहयोग
सिजुआ जोगता : आगामी बकरीद (ईद-उल-आज़हा) पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर दिनांक 25/05/2026 सोमवार को जोगता थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना प्रभारी पवन कुमार ने और संचालन शकील अहमद ने किया । बैठक में क्षेत्र की विभिन्न मस्जिदों के सदर, सेक्रेटरी, मुख्य इमाम एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक के दौरान थाना प्रभारी ने सरकार एवं जिला प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए सभी से त्योहार के दौरान आपसी भाईचारा बनाए रखने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें तथा किसी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस प्रशासन को दें।
बैठक में मुख्य रूप से पर्व के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने, प्रशासनिक नियमों का पालन करने तथा कुर्बानी से संबंधित गाइडलाइंस का अनुपालन सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। थाना प्रभारी ने कहा कि सभी लोग कानून व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस प्रशासन का सहयोग करें ताकि त्योहार शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।
बैठक में मौजूद भोला राम, पार्षद प्रतिनिधि सुमित महतो, सुरेश महतो, जलाल अंसारी, पलटू सिन्हा, सुदर्शन सिंह, रामेश्वर राम, बिष्णु चौहान, रुशतम अंसारी, अंसारुल हक, बीरु सिंह, नवज्योत सिन्हा, आज़ाद अंसारी रवि महतो,मो नासिरउद्दीन, मो शमीम और अन्य ने प्रशासन को भरोसा दिलाया कि जोगता थाना क्षेत्र में हमेशा की तरह इस वर्ष भी बकरीद का पर्व शांति, सौहार्द और आपसी भाईचारे के साथ मनाया जाएगा।
थाना प्रभारी पवन कुमार ने कहा कि त्योहार समाज में प्रेम और भाईचारे का संदेश देते हैं। सभी लोग सरकारी गाइडलाइंस का पालन करते हुए पर्व मनाएं। पुलिस प्रशासन हर परिस्थिति में सुरक्षा और सहयोग के लिए पूरी तरह मुस्तैद है।




