
सागर। वन्दे भारत लाइव टीवी न्यूज रिपोर्टर सुशील द्विवेदी,8225072664* पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा एवं अनुविभागीय अधिकारी रहली प्रकाश मिश्रा के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी देवरी के नेतृत्व में थाना देवरी पुलिस ने चोरी की एक सनसनीखेज वारदात का सफल खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से ₹7,57,500 मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त की है। प्रकरण में फरियादिया निवासी बाजार वार्ड, देवरी द्वारा थाना देवरी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी कि दिनांक 18.05.2026 को वह अपने पति परसोत्तम रैकवार को उपचार हेतु सागर लेकर गई थीं। घर से निकलते समय उन्होंने मकान में ताला लगाकर उसकी चाबी बाथरूम में रखे ब्रश के डिब्बे में सुरक्षित रख दी थी, जिसकी जानकारी परिवार के सदस्यों को थी। अगले दिन 19.05.2026 को सुबह लगभग 08:00 बजे फरियादिया को उनके भाई गयाप्रसाद द्वारा सूचना दी गई कि मकान के दरवाजे खुले हुए हैं तथा घर का सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है। सूचना मिलने पर फरियादिया तत्काल देवरी पहुंचीं, जहां उन्होंने पाया कि मुख्य दरवाजे के ताले गायब हैं तथा घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं ₹1,00,000 नगद चोरी हो चुके हैं। घटना की गंभीरता को देखते हुए थाना देवरी में अज्ञात आरोपी के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना प्रारंभ की गई। पुलिस द्वारा तकनीकी साक्ष्यों, परिस्थितिजन्य तथ्यों एवं गहन पूछताछ के आधार पर संदेही शुभम रैकवार पर फोकस किया गया। पूछताछ के दौरान आरोपी बार-बार बयान बदलता रहा, लेकिन पुलिस की सघन एवं वैज्ञानिक विवेचना के सामने अधिक देर तक टिक नहीं सका और अंततः उसने चोरी की पूरी वारदात स्वीकार कर ली। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे घर में रखे सोने-चांदी के आभूषण एवं नगदी की जानकारी थी। परिवार के विश्वास का लाभ उठाकर उसने ही चोरी की योजना बनाई और घटना को अंजाम दिया। आरोपी की निशानदेही पर उसके कब्जे से चोरी गया संपूर्ण मशरूका बरामद किया गया। बरामद मशरूका*एक सोने का हार,एक सोने की पांचाली,चार नग सोने की चूड़ियाँ,सोने की दो जोड़ी झुमकी,सोने की तीन अंगूठियाँ,एक चांदी की करधनी,चांदी की एक जोड़ी बड़ी पायल,चांदी की तीन जोड़ी पायल, चांदी की तीन जोड़ी बिछड़ी,- ₹500 के 200 नोट (कुल ₹1,00,000 नगद) बरामद समस्त मशरूका की अनुमानित कीमत ₹7,57,500 (सात लाख सत्तावन हजार पांच सौ रुपये) है। सम्पूर्ण मशरूका विधिवत जप्त कर लिया गया है। आरोपी शुभम रैकवार पिता परसोत्तम रैकवार उम्र 27 वर्ष निवासी बाजार वार्ड देवरी को गिरफ्तार कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया है। प्रकरण में अग्रिम वैधानिक कार्यवाही जारी है। देवरी पुलिस की इस उत्कृष्ट कार्यवाही से न केवल लाखों रुपये मूल्य की चोरी गई संपत्ति बरामद हुई, बल्कि यह भी सिद्ध हुआ कि अपराधी चाहे कितना भी करीबी क्यों न हो, कानून की पकड़ से बच नहीं सकता। पुलिस की तत्परता एवं सूक्ष्म विवेचना के कारण एक जटिल एवं संवेदनशील प्रकरण का सफल खुलासा संभव हो सका। सराहनीय भूमिका,थाना प्रभारी देवरी हरिराम मानकर एवं उनकी पुलिस टीम द्वारा सतत प्रयास, सूक्ष्म विवेचना एवं प्रभावी कार्रवाई कर प्रकरण का सफल खुलासा किया गया।









