A2Z सभी खबर सभी जिले कीउत्तर प्रदेशमुरादाबाद

कांठ: सड़क हादसे में बाइक सवार मजदूर की दर्दनाक मौत

तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, गुस्साई भीड़ ने जाम किया मार्ग, सूचना पाकर पहुंची पुलिस, अधिकारियों के समझाने पर माने लोग, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा

20260615 001201 COLLAGE2
हादसे के बाद मौके पर लगी भीड़/जाम और मृतक परम सिंह की फाइल फोटो। 

कांठ (मुरादाबाद)। ट्रक ने आगे जा रही बाइक को टक्कर मार दी और रौंदते हुए घसीट कर दूर तक ले गया। जिससे बाइक सवार मजदूर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। इससे गुस्साई भीड़ ने मार्ग जाम कर जमकर हंगामा किया। पुलिस ने जैसे-तैसे भीड़ को समझाकर जाम को खुलवाया और मृत मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

कांठ तहसील के गांव शुक्ला के रहने वाले परम सिंह (आयु 45 वर्ष) मेहनत मजदूरी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे, रविवार की शाम वह मजदूरी करके बाइक द्वारा घर जा रहे थे, जब वह छजलैट थाने के गांव लदावली पहुंचे तो पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने परम सिंह की बाइक में टक्कर मार दी और ट्रक चालक उन्हें मय बाइक दूर तक घसीटते हुए ले गया। जिससे परम सिंह की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई और उनकी बाइक भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रक को मौके पर छोड़कर ही फरार हो गया। इधर हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और मृतक के परिवार वालों ने नाराजगी का इजहार करते हुए मार्ग जाम कर दिया। सड़क हादसे और मार्ग जाम की सूचना मिलने पर छजलैट थानाध्यक्ष रमेश सहरावत, पुलिस क्षेत्राधिकारी कांठ शुभम पटेल, थाना सिविल लाइन प्रभारी निरीक्षक मनीष सक्सेना भारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझने का प्रयास किया, लेकिन वह कड़ी कार्रवाई की मांग पर अड़े थे। काफी देर समझाने के बाद और कार्रवाई के मिले ठोस आश्वासन पर उन्होंने मार्ग जाम को खोल दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतक के शव कब्जे में लेकर पंचनामें की कार्रवाई कर उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया और रोड पर यातायात व्यवस्था को सुचारू कराया। इस हादसे में मारे परम सिंह की मौत से उसके परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

 रिपोर्ट: पंकज कुमार, कांठ। ✍️

Back to top button
error: Content is protected !!