

बिजनौर जिला जेल में एक बंदी से मुलाकात करने पहुंची मां-बेटी के पास संदिग्ध नशीला पदार्थ मिलने से हड़कंप मच गया। जेल गेट पर सुरक्षाकर्मियों ने तलाशी के दौरान दोनों महिलाओं को संदिग्ध पदार्थ के साथ पकड़ा और पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस फिलहाल मां-बेटी से पूछताछ कर रही है।
यह घटना बिजनौर कोतवाली शहर क्षेत्र के जिला कारागार गेट पर गुरुवार दोपहर करीब 12 बजे हुई। अमरोहा निवासी सन्नो और उनकी बेटी परवीन जेल में बंद फैजान पुत्र नन्हे से मिलने आई थीं। फैजान अमरोहा के छंगे दरवाजा का निवासी है और धारा 307 के एक मुकदमे में 23 जून से जेल में बंद है।
मुलाकात के दौरान जेल सिपाही संजीव कौशिक को महिलाओं पर शक हुआ। इसके बाद महिला सिपाही रितु चौधरी ने उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान परवीन के बैग से संदिग्ध नशीला पदार्थ बरामद हुआ।
संदिग्ध पदार्थ मिलने के बाद जेल परिसर में हड़कंप मच गया। जेल पुलिस ने तुरंत दोनों महिलाओं को हिरासत में ले लिया और उन्हें जेल चौकी पर तैनात चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह को सौंप दिया। पुलिस अब इस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
जेल अधीक्षक राजेश सिंह ने बताया कि जेल गेट पर सघन तलाशी के बाद ही मुलाकातियों को अंदर प्रवेश दिया जाता है। इसी सतर्कता के कारण आज जेल गेट पर महिला के पास से पुलिसकर्मियों द्वारा संदिग्ध वस्तु पकड़ी गई है।












