A2Z सभी खबर सभी जिले की

स्वास्थ्य योजनाओं की खराब प्रगति पर डीएम सख्त, अधिकारियों को नोटिस व चेतावनी के निर्देश 

FB IMG 1782636548298

महराजगंज।

स्वास्थ्य योजनाओं की खराब प्रगति पर डीएम सख्त, अधिकारियों को नोटिस व चेतावनी के निर्देश

महराजगंज। जिलाधिकारी गौरव सिंह सोगरवाल ने जिला स्वास्थ्य समिति की समीक्षा बैठक में स्वास्थ्य योजनाओं की अपेक्षित प्रगति न मिलने पर कड़ा रुख अपनाया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने खराब प्रदर्शन करने वाले चिकित्साधिकारियों एवं अन्य अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस और चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए।

बैठक में आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड, एनसीडी स्क्रीनिंग, आभा आईडी, संस्थागत प्रसव, ई-संजीवनी सहित विभिन्न राष्ट्रीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों की समीक्षा की गई। ई-संजीवनी पोर्टल पर शून्य टेली-कंसल्टेशन करने वाले चिकित्साधिकारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक चिकित्साधिकारी प्रतिदिन कम से कम पांच टेली-कंसल्टेशन सुनिश्चित करें।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फरेंदा के प्रभारी चिकित्सा अधिकारी डॉ. एम.पी. सोनकर के कार्यों में खराब प्रगति पर उन्हें चेतावनी पत्र जारी करने के निर्देश दिए गए। वहीं आयुष्मान भारत गोल्डन कार्ड निर्माण में अपेक्षित प्रगति न मिलने पर बीसीपीएम फरेंदा बबीता शर्मा, बीसीपीएम सिसवा प्रदीप चौरसिया तथा बीसीपीएम परतावल अमित कुमार गौड़ को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि जुलाई तक एनसीडी स्क्रीनिंग का कम से कम 32 प्रतिशत लक्ष्य पूरा किया जाए। साथ ही प्रत्येक ऑपरेटर आईडी से प्रतिदिन न्यूनतम 10 ई-केवाईसी और 5 नए आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए जाएं। उन्होंने एएनएम, कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसर और संगिनी आशाओं को लक्ष्य पूरा करने में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए।

उन्होंने एसएनसीयू से डिस्चार्ज होने वाले सभी बच्चों का शत-प्रतिशत फॉलोअप सुनिश्चित करने, दस्तक अभियान के दौरान अधिक से अधिक आभा आईडी बनाने, जननी सुरक्षा योजना के लंबित मामलों का तत्काल निस्तारण करने तथा आशा कार्यकर्ताओं के भुगतान की नियमित समीक्षा करने को भी कहा।

बैठक में जिलाधिकारी ने सभी कुष्ठ रोगियों की सूची तैयार कर उन्हें प्रधानमंत्री आवास योजना सहित अन्य आवासीय योजनाओं से लाभान्वित कराने के निर्देश दिए। साथ ही खराब प्रदर्शन करने वाले तीन आशा, तीन संगिनी, तीन एएनएम और तीन कम्युनिटी हेल्थ ऑफिसरों को चिन्हित कर नोटिस जारी करने के आदेश दिए।

उन्होंने 1 जुलाई से शुरू होने वाले संचारी रोग उन्मूलन अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने, गांवों और शहरी क्षेत्रों में स्वच्छता अभियान चलाने तथा घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने के निर्देश भी दिए।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. नवनाथ प्रसाद, सीएमएस डॉ. ए.के. द्विवेदी, डीडीओ भोलानाथ कन्नौजिया, अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. राजेश द्विवेदी, बीएसए सुरजीत सहित तमाम कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Back to top button
error: Content is protected !!