
झालावाड़, 5 जुलाई। लोटी स्कूल रोड स्थित छोटी रायपुर के बैरवा समाज विकास समिति छात्रावास में रविवार को संविधान निर्माता भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा का भव्य लोकार्पण किया गया। समारोह में समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए।
मुख्य अतिथि समाजसेवी घुड़मल बैरवा (अजय मालिया) की माताजी बरदी बाई बैरवा ने प्रतिमा का लोकार्पण किया। इसके बाद उपस्थित लोगों ने प्रतिमा पर माल्यार्पण कर शिक्षा, समानता, सामाजिक न्याय और संविधान के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।
समारोह में समाजसेवी घुड़मल बैरवा (अजय मालिया) ने छात्रावास को बाबा साहब की प्रतिमा भेंट की, जबकि प्रतिमा के ग्रेनाइट फाउंडेशन का निर्माण पूजा देवी, पत्नी अजय मालिया, ग्राम बिनोरी (दौसा) के सहयोग से कराया गया।
वक्ताओं ने कहा कि बाबा साहब का जीवन शिक्षा, संघर्ष और आत्मसम्मान का प्रतीक है तथा उनके विचार आज भी समाज को नई दिशा दे रहे हैं। कार्यक्रम के अंत में बैरवा समाज विकास समिति ने सभी अतिथियों एवं समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए शिक्षा और सामाजिक जागरूकता के लिए निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।














