


डीडवाना-कुचामन, जिले में राज्य सरकार के निर्देशानुसार आमजन को एक ही स्थान पर विभिन्न विभागों की योजनाओं का लाभ प्रदान करने एवं सभी आवश्यक राजकीय सेवाएं सुलभ कराने और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के उद्देश्य से आयोजित किए जा रहे ग्रामीण सेवा शिविर का मंगलवार को जिला कलक्टर अवधेश मीना ने निरीक्षण किया।
जिला कलक्टर ने मकराना उपखंड की ग्राम पंचायत जूसरी में आयोजित शिविर में पहुंचकर वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉलों और काउंटरों का अवलोकन किया। उन्होंने वहां उपस्थित अधिकारियों से अब तक प्राप्त हुए आवेदनों, उनके निस्तारण की प्रगति और लंबित प्रकरणों के बारे में जानकारी प्राप्त की।
इस दौरान जिला कलक्टर ने उपस्थित विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि शिविर में आने वाले प्रत्येक नागरिक की समस्या को पूरी संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर बैठे पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध रूप से पहुंचना चाहिए और यथासंभव आवेदनों का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए ताकि ग्रामीणों को शिविर का अधिकतम लाभ मिल सके।
शिविर में जिला कलक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों के परिवादों की सुनवाई कर विभागीय अधिकारियों को ग्रामीणों की समस्याओं का त्वरित निस्तारण करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही उन्होंने लाभार्थियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति पत्र और आवश्यक दस्तावेज भी सौंपे।
इस दौरान उपखंड अधिकारी बाबूलाल जाट सहित संबंधित तहसीलदार ,विकास अधिकारी एवं संबंधित विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।






